काकोरी में नरौना चौराहे पर फायरिंग करने वाला अभियुक्त अवैध असलहे के साथ गिरफ्तार
काकोरी में नरौना चौराहे पर फायरिंग करने वाला अभियुक्त अवैध असलहे के साथ गिरफ्तार
दबंगई दिखाने के लिए खुलेआम की जा रही थी फायरिंग, पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दबोचा।
आरोपी के पास से 32 बोर की रिवाल्वर, जिंदा कारतूस और खोखा बरामद, लाइसेंस मांगने पर नहीं दिखा सका कागजात।
काकोरी लखनऊ। लखनऊ के काकोरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत नरौना चौराहे पर बीते मंगलवार की शाम एक युवक द्वारा फायरिंग किए जाने से हड़कंप मच गया। गश्त के दौरान मुस्तैद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फायरिंग करने वाले आरोपी को मौके से ही धर दबोचा। पकड़े गए युवक की तलाशी लेने पर उसके पास से अवैध असलहा और कारतूस बरामद हुए, जिसके संबंध में वह कोई वैध लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गत मंगलवार की रात पुलिसकर्मी क्षेत्र में गश्त और तलाश वांछित मुल्जिमान के सिलसिले में चिलौली अंडरपास के पास मौजूद थे। इसी दौरान सूचना मिली कि नरौना चौराहे पर एक व्यक्ति द्वारा फायरिंग की गई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और फायरिंग करने वाले व्यक्ति को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम अभिषेक प्रताप सिंह, निवासी कृष्णा नगर कॉलोनी, आईआईएम रोड, थाना सैरपुर, लखनऊ बताया। जामा तलाशी के दौरान उसकी कमर में बेल्ट पर लगे होलस्टर से पांच जिंदा कारतूस, एक रिवाल्वर .32 बोर और एक खोखा कारतूस बरामद किया गया। पुलिस ने जब बरामद असलहे का लाइसेंस मांगा, तो वह लाइसेंस दिखाने में असमर्थ रहा। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दूसरों की जान या व्यक्तिगत सुरक्षा को खतरे में डालने वाले लापरवाहीपूर्ण कृत्य और अवैध हथियार रखने से संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में सतीशचन्द्र राठौर, शैलेन्द्र कुमार गुप्ता, शिवम विधूड़ी, सुशील यादव और सुरेन्द्र कुमार शामिल रहे।


Comments