गैंगस्टर एक्ट में वांछित शातिर अपराधी गिरफ्तार, काकोरी पुलिस ने भेजा जेल
गैंगस्टर एक्ट में वांछित शातिर अपराधी गिरफ्तार, काकोरी पुलिस ने भेजा जेल
कानून का शिकंजा: संगठित अपराध के विरुद्ध कमिश्नरेट पुलिस की बड़ी कार्रवाई
लंबे समय से फरार चल रहा था आरोपी, घेराबंदी कर पुलिस ने दबोचा
काकोरी लखनऊ।राजधानी के काकोरी थाना क्षेत्र में संगठित अपराध और अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे जीरो टॉलरेंस अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। सोमवार को पुलिस टीम ने गैंगस्टर एक्ट में वांछित चल रहे एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। आरोपी की पहचान अमन यादव निवासी कलियाखेड़ा के रूप में हुई है, जो लंबे समय से पुलिस की पकड़ से दूर चल रहा था।
पुलिस के अनुसार, लखनऊ पुलिस कमिश्नर के आदेश पर 9 फरवरी को काकोरी थाने में समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। इस गिरोह का सरगना उन्नाव निवासी अनूज कुमार यादव है, जबकि अमन यादव इस संगठित गिरोह के सक्रिय सदस्य के रूप में कार्य कर रहा था। इस गिरोह के विरुद्ध पुलिस को लगातार आपराधिक गतिविधियों की शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद इन पर गैंगस्टर की कार्रवाई सुनिश्चित की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए विवेचना अधिकारी, प्रभारी निरीक्षक थाना पारा, सुरेश सिंह के नेतृत्व में गठित टीम लगातार संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दे रही थी। सोमवार दोपहर करीब 12:30 बजे पुलिस टीम ने सटीक इनपुट के आधार पर घेराबंदी कर आरोपी अमन यादव को दुर्गागंज क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की प्राथमिक पूछताछ में आरोपी ने गिरोह के अन्य सदस्यों और उनकी कार्यप्रणाली के बारे में अहम सुराग दिए हैं।
गिरफ्तारी के उपरांत आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का स्पष्ट कहना है कि क्षेत्र में सक्रिय किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा और समाज में भय व्याप्त करने वाले गिरोहों के विरुद्ध ऐसी कठोर दंडात्मक कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। पुलिस अब गिरोह के सरगना अनूज यादव की तलाश में जुटी है।


Comments