काकोरी में अवैध सीमेंट रिपैकिंग का बड़ा खेल: धांधली के सबूत मिटाने के लिए रसीदें और रैपर फूंके
काकोरी में अवैध सीमेंट रिपैकिंग का बड़ा खेल: धांधली के सबूत मिटाने के लिए रसीदें और रैपर फूंके
गोदाम में अल्ट्राटेक सीमेंट की बड़ी खेप बरामद
ग्रामीणों की शिकायत पर पुलिस के पहुंचने से पहले साक्ष्य किए नष्ट
काकोरी लखनऊ। लखनऊ के काकोरी थाना क्षेत्र के कौड़िया खेड़ा गांव मोड़ के पास स्थित एक गोदाम में अवैध रूप से सीमेंट की रिपैकिंग का बड़ा मामला सामने आया है। नामचीन कंपनियों के नाम पर घटिया सीमेंट की बोरी बदलकर उन्हें बाजार में खपाया जा रहा था, जिससे उपभोक्ताओं को भारी आर्थिक नुकसान के साथ निर्माण की गुणवत्ता से भी समझौता करना पड़ रहा था। ग्रामीणों की सूचना पर जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो कार्रवाई के डर से गोदाम मालिक सतीश चौरसिया के भाई ने साक्ष्यों को मिटाने के लिए बड़ी मात्रा में बोरियों के रैपर, रसीदें और अन्य कागजात को आग के हवाले कर दिया।
हालांकि पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए गोदाम और वहां खड़े एक ट्रक से भारी मात्रा में अल्ट्राटेक सीमेंट की बोरियां बरामद कर ली हैं। इस अवैध गतिविधि की सूचना उपजिलाधिकारी सदर, सहायक पुलिस आयुक्त काकोरी और स्थानीय पुलिस को दी गई थी, जिसके बाद प्रशासनिक और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
मामले को लेकर काकोरी के प्रभारी निरीक्षक सतीश राठौर ने बताया कि पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचकर मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों और संबंधित विभागों जैसे सप्लाई विभाग तथा विधिक माप विज्ञान विभाग को दे दी गई है।
प्रकरण की गहनता से जांच की जा रही है और यदि गोदाम अवैध रूप से संचालित पाया जाता है तथा रिपैकिंग में गड़बड़ी की पुष्टि होती है, तो संबंधितों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी विधिक कार्रवाई की जाएगी।


Comments