ई-रिक्शा में जेब कतरा सक्रिय, बुद्धेश्वर चौराहे से बैठे व्यक्ति की जेब काट उड़ाए दस हजार
ई-रिक्शा में जेब कतरा सक्रिय, बुद्धेश्वर चौराहे से बैठे व्यक्ति की जेब काट उड़ाए दस हजार
पारा क्षेत्र में ई-रिक्शा सवार टप्पेबाजों का बोलबाला, व्यक्ति को बनाया निशाना।
जेब कतरे ने बुद्धेश्वर से दुबग्गा के बीच दिया घटना को अंजाम, पुलिस जांच में जुटी।
पारा लखनऊ। राजधानी के थाना पारा अंतर्गत बुद्धेश्वर चौराहे से ई-रिक्शा पर सवार हुए एक व्यक्ति की जेब काटकर अज्ञात टप्पेबाज ने दस हजार रुपये पार कर दिए। पीड़ित अपनी भांजी के घर जा रहा था, तभी रास्ते में उसके साथ यह वारदात घटित हुई। चोरी की इस घटना से इलाके में ई-रिक्शा में सफर करने वाले यात्रियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए हैं।
पीड़ित कैलाश गुप्ता पुत्र वली शंकर गुप्ता, निवासी ग्राम अहटवा, थाना सफीपुर, जनपद उन्नाव ने बताया कि सोमवार को वह अपने घर से दुबग्गा स्थित अपनी भांजी के घर जाने के लिए निकले थे। वह बुद्धेश्वर चौराहे पर पहुंचे और वहां से दुबग्गा जाने के लिए एक ई-रिक्शा पर सवार हुए। पीड़ित के मुताबिक, सफर के दौरान कुछ देर बाद भूहर पुल के पास एक अज्ञात व्यक्ति उनके बगल में आकर बैठ गया। वह व्यक्ति संदिग्ध लग रहा था और अचानक बीच रास्ते में ही ई-रिक्शा से उतर कर तेजी से भाग निकला।
उस व्यक्ति के उतरने के बाद जब कैलाश गुप्ता ने अपनी जेब चेक की, तो उनके होश उड़ गए। उनकी जेब कटी हुई थी और उसमें रखे करीब दस हजार रुपये गायब थे। पीड़ित ने बताया कि उन्हें अपने बगल में बैठे उसी अज्ञात व्यक्ति पर पूरा शक है, जिसने मौका पाकर बड़ी सफाई से उनकी जेब साफ कर दी। दस हजार रुपये की नकदी चोरी होने से पीड़ित काफी परेशान है और उसने तुरंत मामले की जानकारी स्थानीय पुलिस को दी।
पीड़ित कैलाश गुप्ता ने इस संबंध में पारा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है और पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि ई-रिक्शा रूट और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि संदिग्ध जेब कतरे की पहचान की जा सके और उसे जल्द गिरफ्तार किया जाए।


Comments