सआदतगंज में दिल दहला देने वाली वारदात, मासूम बच्ची के साथ हुआ दुष्कर्म
सआदतगंज में दिल दहला देने वाली वारदात, मासूम बच्ची के साथ हुआ दुष्कर्म
लखनऊ के सआदतगंज क्षेत्र में नौ वर्षीय मासूम बालिका के साथ दुष्कर्म की वारदात।
पड़ोस में रहने वाले 16 वर्षीय बाल अपचारी को पुलिस ने संरक्षण में लिया।
काकोरी लखनऊ। गुरुवार को थाना सआदतगंज क्षेत्रान्तर्गत मौलानगरी गेट नम्बर-01 के पास एक झकझोर देने वाला मामला सामने आया, जहाँ एक 9 वर्षीय नाबालिग बालिका के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया। घटना की सूचना डायल-112 के माध्यम से मिलते ही स्थानीय पुलिस ने मामले को बेहद गंभीरता से लिया और तुरंत मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस ने पीड़ित बच्ची और उसके परिजनों से बातचीत कर घटना के संबंध में आवश्यक साक्ष्य और तथ्य जुटाए।
प्रारम्भिक जांच और पूछताछ में यह बात सामने आई है कि इस घिनौनी वारदात को पीड़िता के पड़ोस में ही रहने वाले एक 16 वर्षीय बाल अपचारी ने अंजाम दिया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बाल अपचारी को अपनी कस्टडी में ले लिया है और उससे गहन पूछताछ की जा रही है।
पुलिस प्रशासन द्वारा पीड़िता को तुरंत चिकित्सकीय परीक्षण के लिए भेज दिया गया है। परिजनों से प्राप्त तहरीर के आधार पर पुलिस ने कानून के उल्लंघन और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण करने वाले नियमों के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की वैज्ञानिक और गहन विवेचना की जा रही है, तथा सभी उपलब्ध साक्ष्यों एवं परिस्थितिजन्य तथ्यों को संकलित कर आगे की वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।


Comments