मोहनलालगंज में दिनदहाड़े चोरी, मकान का ताला तोड़कर जेवर और 40 हजार रुपये उड़ाए
crime news, apradh samachar
PPN NEWS
मोहनलालगंज में दिनदहाड़े चोरी, मकान का ताला तोड़कर जेवर और 40 हजार रुपये उड़ाए
लखनऊ। मोहनलालगंज थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े चोरी की घटना सामने आई है। बाइक सवार तीन अज्ञात चोरों ने किराये के मकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात और 40 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रायबरेली जनपद के महराजगंज थाना क्षेत्र के गढ़ी पोखरनी निवासी सूर्य मणि शुक्ल पुत्र स्वर्गीय राम प्रताप शुक्ल मोहनलालगंज थाना क्षेत्र के गौरा स्थित स्पर्श ग्रीन सिटी में किराये के मकान में रहते हैं। आरोप है कि 21 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब दो बजे बाइक सवार तीन अज्ञात चोरों ने उनके घर का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
चोर घर से मंगलसूत्र, लॉकेट, पायल, बिछिया, बाली, टॉप्स, चांदी की चेन समेत 40 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। घटना की जानकारी होने पर पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की।
पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा संख्या 398/2026 धारा 305(ए) बीएनएस के तहत अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की पहचान कर घटना का खुलासा करने के लिए जांच में जुटी है।

Comments