एक तरफ़ा प्यार में बीसीए छात्रा की चाकू से गला रेतकर हत्या
एक तरफ़ा प्यार में बीसीए छात्रा की चाकू से गला रेतकर हत्या
पारा के नरपत खेड़ा में बीसीए छात्रा की गला रेतकर हत्या
वारदात के बाद शव के पास ही बैठा रहा आरोपी छात्र
पारा लखनऊ। लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र स्थित नरपत खेड़ा में बुधवार दोपहर 17 वर्षीय बीसीए की छात्रा स्मृति पांडेय को साथ में पढ़ने वाले 21 वर्षीय बीसीए के छात्र देवांश पाठक ने चाकू से गला काटकर मौत के घाट उतार दिया। वारदात के पीछे आपसी रंजिश व एकतरफा प्यार अहम वजह बताई जा रही है। घटना को अंजाम देने के बाद कातिल खून से लथपथ पड़ी छात्रा के शव के पास ही चुपचाप बैठा रहा। दिनदहाड़े हुई घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस उपायुक्त पश्चिमी कमलेश दीक्षित सहित कई पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और फोरेंसिक टीम के साथ साक्ष्य संकलन की कार्रवाई शुरू की। पुलिस तुरंत घायल छात्रा को ट्रामा सेंटर लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने वारदात को अंजाम देने वाले कातिल को घटना में प्रयुक्त चाकू के साथ मौके से ही गिरफ्तार कर लिया।
अमेठी जिले के रहने वाले शैलेश पांडेय अपने परिवार के साथ पारा थाना क्षेत्र स्थित नरपत खेड़ा मोहल्ले में रहते हैं। बताया जा रहा है कि शैलेश पांडेय परिवार के अन्य सदस्यों के साथ अपने पैतृक गांव गए हुए थे, जबकि उनकी 17 वर्षीय बेटी स्मृति पांडेय व उनकी दूसरी बेटी घर पर अकेली थीं। स्मृति पांडेय एक निजी संस्थान में बीसीए की पढ़ाई कर रही थी। रोज की तरह वह संस्थान से घर लौटी तो पीछे-पीछे उसके साथ पढ़ने वाला तालकटोरा क्षेत्र के बादशाह खेड़ा निवासी 21 वर्षीय बीसीए छात्र देवांश पाठक भी वहां आ धमका। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई और विवाद इतना बढ़ा कि देवांश पाठक के सिर पर खून सवार हो गया और उसने चाकू से गला रेतकर छात्रा को मौत की नींद सुला दिया। इस घटना की जानकारी पुलिस को तब हुई जब मृतका की दूसरी बहन संस्थान से घर वापस लौटी। यह खौफनाक मंजर देखकर उसने तुरंत शैलेश पांडेय को फोन पर सूचना दी और फिर पुलिस को अवगत कराया।
मौके पर पहुंचे डीसीपी पश्चिमी कमलेश दीक्षित ने बताया कि खून से लथपथ पड़ी छात्रा स्मृति पांडेय के शव के पास आरोपी देवांश पाठक बैठा हुआ था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे हिरासत में लिया और मामले की गहनता से छानबीन शुरू की। उन्होंने बताया कि देवांश पाठक और स्मृति पांडेय एक ही संस्थान में बीसीए के सहपाठी हैं। डीसीपी पश्चिमी कमलेश दीक्षित का कहना है कि देवांश पाठक ने इस सनसनीखेज वारदात को किन परिस्थितियों में अंजाम दिया है, इसके हर पहलू की गहराई से जांच-पड़ताल की जा रही है। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल चाकू सहित कातिल को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस की शुरुआती तफ्तीश में यह बात सामने आई है कि नरपत खेड़ा मोहल्ले में सिरफिरे देवांश पाठक ने एकतरफा प्यार के जुनून में स्मृति पांडेय पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर उसकी जान ले ली। डीसीपी पश्चिमी कमलेश दीक्षित का कहना है कि इस एंगल से इनकार नहीं किया जा सकता, लिहाजा पुलिस इस मामले में तमाम अन्य बिंदुओं को ध्यान में रखकर भी गहनता से तफ्तीश कर रही है। पुलिस ने हत्यारोपी को गिरफ्तार कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि सिरफिरा देवांश पाठक पिछले कुछ दिनों से छात्रा को लगातार परेशान कर रहा था और इसी कड़ी में बुधवार को उसका पीछा करते हुए उसके घर तक जा धमका था।

Comments