महिला आरक्षण बिल पर विपक्ष के रुख के खिलाफ भाजपा महिला मोर्चा का जोरदार प्रदर्शन
- Posted By: Admin
- खबरें हटके
- Updated: 29 April, 2026 19:36
- 159

महिला आरक्षण बिल पर विपक्ष के रुख के खिलाफ भाजपा महिला मोर्चा का जोरदार प्रदर्शन
महिला आरक्षण बिल में देरी को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने खोला मोर्चा, फूंके पुतले।
काकोरी में निकला जन आक्रोश पैदल मार्च, महिला सम्मान के मुद्दे पर विपक्ष को घेरा।
काकोरी लखनऊ। मलिहाबाद के काकोरी मंडल में बुधवार को महिला आरक्षण बिल को लेकर विपक्ष की कथित टालमटोल की नीति के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी की महिला कार्यकर्ताओं का आक्रोश फूट पड़ा। शीतला माता मंदिर से शुरू हुआ यह जन आक्रोश पैदल मार्च विपक्ष के विरोध का एक सशक्त प्रतीक बनकर उभरा। प्रदर्शनकारी महिलाओं ने काकोरी मुख्य मार्ग से होते हुए हउदा तालाब तक पैदल मार्च किया और विपक्षी गठबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी और अखिलेश यादव पर महिला अधिकारों की राह में रोड़ा अटकाने का आरोप लगाते हुए उनके पुतले दहन किए।
प्रदर्शन के दौरान मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित ब्लॉक प्रमुख नीतू यादव ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि महिला आरक्षण बिल को रोकना केवल एक राजनीतिक कदम नहीं, बल्कि देश की आधी आबादी के सम्मान और उनके संवैधानिक अधिकारों का सीधा अपमान है। वहीं, विशिष्ट अतिथि और भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रतिभा वर्मा ने विपक्ष की नीयत पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि अब महिलाएं अपने हक के लिए जागरूक हो चुकी हैं और किसी भी प्रकार के राजनीतिक छल को बर्दाश्त नहीं करेंगी।
इस उग्र प्रदर्शन में जिला मंत्री पिंकी शर्मा, सुभाषिनी यादव, करिश्मा, कुमकुम, साधना, नीलम शर्मा, आरुषि, करिश्मा धीमान, रामप्यारी, शीला सहित सैकड़ों की संख्या में महिला कार्यकर्ता शामिल हुईं। मार्च का कुशल संचालन काकोरी मंडल अध्यक्ष विपिन सिंह राजपूत द्वारा किया गया। इस अवसर पर जिला कार्यालय मंत्री रविराज लोधी, चेयरमैन रोहित साहू और शिशिर यादव जैसे वरिष्ठ पदाधिकारी भी मौजूद रहे। प्रदर्शन के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात रहा। जिला मीडिया प्रभारी चिंता मणि पांडेय ने बताया कि भाजपा महिला मोर्चा आने वाले दिनों में इस आंदोलन को और तेज करेगा ताकि विपक्ष के दोहरे चरित्र को जनता के सामने लाया जा सके।

Comments