ठाकुरगंज में सीमेंट के पाइप में मिला युवक का शव, नशे की ओवरडोज से मौत की आशंका
- Posted By: Admin
- खबरें हटके
- Updated: 7 February, 2026 17:44
- 32

ठाकुरगंज में सीमेंट के पाइप में मिला युवक का शव, नशे की ओवरडोज से मौत की आशंका
संदिग्ध हालत में पाइप के भीतर मिला 25 वर्षीय सुजीत का शव, पास में मिली सिरिंज।
परिजनों ने बताया नशे का आदी था मृतक, शरीर पर नहीं मिले चोट के निशान।
लखनऊ लखनऊ के थाना ठाकुरगंज क्षेत्र में शनिवार के दिन गूंगा-बहरा स्कूल के पास उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक का शव सीमेंट के बड़े पाइप के भीतर संदिग्ध अवस्था में पड़ा मिला। सूचना मिलते ही एडिशनल इंस्पेक्टर भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। मृतक की पहचान 25 वर्षीय सुजीत राजपूत पुत्र अयोध्या प्रसाद के रूप में हुई है, जो मिश्री की बगिया इलाके में संजीव नामक व्यक्ति के मकान में किराए पर रहता था।
पुलिस के मुताबिक, शनिवार सुबह जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची, तो सुजीत का शव एक बड़े सीमेंट पाइप के अंदर पड़ा था। मौके की तलाशी लेने पर मृतक के पास से इंजेक्शन, सिरिंज और कुछ अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद हुई है, जिससे प्राथमिक दृष्टि में मामला नशे के ओवरडोज का प्रतीत हो रहा है। सुजीत के पिता, भाई और आसपास के लोगों ने पुलिस को बताया कि वह काफी समय से नशे का आदी था और अक्सर घर से बाहर रहता था।
शुरुआती जांच में मृतक के शरीर पर किसी भी प्रकार की बाहरी चोट या संघर्ष के निशान नहीं पाए गए हैं। पुलिस ने मृतक के भाई की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया है और कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में शव का पंचायतनामा (मृत्यु की समीक्षा) भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है, ताकि मौत के सटीक कारणों का पता चल सके। फिलहाल मौके पर शांति व्यवस्था बनी हुई है और पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

Comments