मेधावी छात्रों का हुआ सम्मान, बाबू त्रिलोकी सिंह इंटर कॉलेज में प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित
- Posted By: Admin
- खबरें हटके
- Updated: 7 May, 2026 18:00
- 41

मेधावी छात्रों का हुआ सम्मान, बाबू त्रिलोकी सिंह इंटर कॉलेज में प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित
मेधावी छात्रों को नकद पुरस्कार और प्रमाण पत्र देकर किया गया प्रोत्साहित।
स्वर्गीय रंजीत सिंह की स्मृति में आयोजित हुआ भव्य सम्मान समारोह।
काकोरी लखनऊ। लखनऊ के काकोरी स्थित बाबू त्रिलोकी सिंह इंटर कॉलेज में गुरुवार को सत्र 2025-26 के कक्षा 10 और 12 के उत्तीर्ण मेधावी छात्रों के लिए 'स्वर्गीय रंजीत सिंह मेधावी छात्र प्रतिभा सम्मान समारोह' का भव्य आयोजन किया गया। विद्यालय प्रबंधन द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में उन छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया जिन्होंने बोर्ड परीक्षाओं में 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर विशेष योग्यता हासिल की है।
समारोह की मुख्य अतिथि और विद्यालय प्रबंध समिति की अध्यक्षा रंजीता सिंह ने पूर्व अध्यक्ष स्वर्गीय रंजीत सिंह की स्मृति में मेधावी छात्रों को उनके अभिभावकों की उपस्थिति में माला पहनाकर, नकद पुरस्कार और प्रमाण पत्र प्रदान किए। कक्षा 10 में 83.83% अंकों के साथ प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले अभय गौतम को 5000 रुपये, 80.17% अंकों के साथ द्वितीय स्थान पर रहे हर्षित को 4000 रुपये और 80% अंकों के साथ तृतीय स्थान पाने वाले अभिषेक को 2000 रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया।
कक्षा 12 के विभिन्न विभागों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को पुरस्कृत किया गया। व्यावसायिक वर्ग में हिमांशु (83.40%), कला वर्ग में विशेष कुमार (78.20%) और विज्ञान वर्ग में करन प्रजापति (78%) ने अपने-अपने विभागों में प्रथम स्थान प्राप्त किया, जिन्हें अध्यक्षा रंजीता सिंह द्वारा 5000-5000 रुपये का नकद पुरस्कार भेंट किया गया। इसके अतिरिक्त, शिक्षा के प्रति उत्साह बढ़ाने के उद्देश्य से प्रबंध समिति ने कक्षा 10 के 18 अन्य छात्रों को 500 रुपये और कक्षा 12 के 30 छात्रों को 300 रुपये प्रति छात्र के मान से प्रोत्साहन राशि प्रदान की।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि रंजीता सिंह ने छात्रों को भविष्य में उच्च शिक्षा प्राप्त कर एक योग्य नागरिक बनने और देश व प्रदेश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ आर के सिंह ने प्रबंधन समिति का आभार व्यक्त करते हुए सभी अभिभावकों और छात्रों को बधाई दी। कार्यक्रम में पूर्व प्रबंधक सर्वजीत सिंह, वर्तमान प्रबंधक अंकित सिंह और समस्त विद्यालय परिवार गरिमामयी रूप से उपस्थित रहा।

Comments