काकोरी में खाद्य और तेल संरक्षण पर भाजपा महिला मोर्चा की संगोष्ठी
- Posted By: Admin
- खबरें हटके
- Updated: 23 June, 2026 15:52
- 49

काकोरी में खाद्य और तेल संरक्षण पर भाजपा महिला मोर्चा की संगोष्ठी
प्रधानमंत्री के आह्वान पर खाद्य और तेल के कुशल प्रबंधन के लिए चलाया गया जन-जागरूकता अभियान।
कम ईंधन में बेहतर पोषण और स्वस्थ खान-पान के प्रति महिलाओं को किया गया जागरूक।
काकोरी लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी लखनऊ जिला महिला मोर्चा की ओर से ब्लॉक सभागार, काकोरी में खाद्य एवं तेल संरक्षण को लेकर एक विशेष जन-जागरूकता संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश महिला मोर्चा की कार्यालय प्रभारी रमा सिंह, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष सुमन कुरील एवं क्षेत्रीय सोशल मीडिया संयोजक मानवी द्विवेदी मुख्य रूप से शामिल हुईं। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष विजय मौर्य ने की।
मुख्य अतिथि रमा सिंह ने महिलाओं को प्रेशर कुकिंग, स्टीमिंग और ढंककर भोजन पकाने की वैज्ञानिक तकनीकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि कम ईंधन का उपयोग करते हुए पोषण से भरपूर भोजन तैयार करना न केवल परिवार की बचत है, बल्कि आत्मनिर्भरता की दिशा में एक बड़ा कदम है। विशिष्ट अतिथि सुमन कुरील ने खाद्य तेल के सही उपयोग पर विशेष जोर देते हुए कहा कि तेल को बार-बार गर्म करने से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक रहना हर परिवार के स्वास्थ्य के लिए अनिवार्य है।
जिला अध्यक्ष विजय मौर्य ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए राष्ट्र निर्माण में मातृशक्ति के योगदान को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप आयोजित यह अभियान खाद्य और तेल की बर्बादी रोकने में सफल साबित होगा। उन्होंने अपने संबोधन में दैनिक आहार में मोटे अनाज यानी मिलेट्स और पारंपरिक व्यंजनों को शामिल करने की वकालत की, जो कम ईंधन में तैयार हो सकते हैं।
कार्यक्रम का संचालन जिला उपाध्यक्ष एवं संगोष्ठी की संयोजक प्रतिभा वर्मा ने किया। इस दौरान सह-संयोजक सुनीता पांडेय, शालिनी श्रीवास्तव, शिव देवी गौतम, संगीता मिश्रा, रितु सिंह, रेनू श्रीवास्तव, कुसुम वर्मा, सारिका, सुधा सिंह, अनीता तिवारी, पिंकी शर्मा, सलमा सहित बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता मौजूद रहीं। जिला मीडिया प्रभारी चिंता मणि पांडेय ने बताया कि इस अभियान के माध्यम से प्रत्येक घर तक संरक्षण का संदेश पहुँचाने का संकल्प लिया गया है।

Comments