लापरवाह ट्रक चालक ने ढहाए 13 बिजली के पोल, लाखों का नुकसान
- Posted By: Admin
- खबरें हटके
- Updated: 8 February, 2026 23:06
- 62

लापरवाह ट्रक चालक ने ढहाए 13 बिजली के पोल, लाखों का नुकसान
तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से टूटे बिजली के खंभे, इलाके की बत्ती गुल।
लापरवाही से विभाग को हुआ करीब तीन लाख का नुकसान, पुलिस जांच में जुटी।
पारा लखनऊ। राजधानी के पारा थाना क्षेत्र अंतर्गत ज्ञानेंद्र विहार में रविवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टला, लेकिन बिजली विभाग को इससे भारी क्षति पहुंची है। जानकारी के अनुसार, सुबह करीब सात बजे एक ट्रक के चालक ने बेहद लापरवाही से वाहन चलाते हुए मुख्य मार्ग पर खड़े 13 बिजली के पोलों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक के बाद एक कुल 13 खंभे धराशायी हो गए, जिससे पूरे ज्ञानेंद्र विहार मोहल्ले की विद्युत आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई। अचानक बिजली गुल होने से स्थानीय निवासियों को दैनिक कार्यों में भारी असुविधा का सामना करना पड़ा।
अवर अभियंता मुहम्मद अरशद ने इस मामले में पारा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस को दी गई जानकारी के अनुसार, ट्रक का चालक इमरान, निवासी मक्खन गंज भोजपुर (मुरादाबाद) है, जबकि ट्रक का संचालन वाहिद अली द्वारा किया जा रहा था। बिजली विभाग के शुरुआती आकलन के मुताबिक, इस दुर्घटना में विभाग को लगभग तीन लाख रुपये का वित्तीय नुकसान हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है। इधर, बिजली विभाग के कर्मचारी युद्धस्तर पर पोल और लाइनों को दुरुस्त करने के कार्य में जुटे हैं ताकि प्रभावित क्षेत्र में जल्द से जल्द बिजली बहाल की जा सके।

Comments