लविवि में एबीवीपी के छात्रों ने प्रशासनिक भवन का घेराव कर किया प्रदर्शन
- Posted By: Admin
- खबरें हटके
- Updated: 21 September, 2026 20:01
- 19

PPN NEWS
लविवि में एबीवीपी के छात्रों ने प्रशासनिक भवन का घेराव कर किया प्रदर्शन
छात्र बोले लगातार बढ़ रही है हॉस्टल फीस, सुविधाओं के नाम पर कुछ नहीं, मेस और पानी की व्यवस्था खराब
लखनऊ । लखनऊ विश्वविद्यालय में सोमवार को एबीवीपी से जुड़े छात्रों ने प्रदर्शन किया। छात्रों ने प्रशासनिक भवन का घेराव कर जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान छात्रों की चीफ प्रॉक्टर से तीखी नोकझोंक भी हुई। हंगामे को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। चीफ प्रॉक्टर समेत प्रॉक्टोरियल बोर्ड के कई सदस्य मौके पर मौजूद रहे। छात्रों को प्रशासनिक भवन में जाने से रोकने के लिए सिक्योरिटी गार्ड्स ने चैनल गेट बंद कर दिया। इसके
बावजूद छात्र हंगामा करते हुए प्रशासनिक भवन परिसर में दाखिल हो गए। इसके बाद भी उनकी नारेबाजी जारी रही।
छात्रों का आरोप है कि हॉस्टल में मेस और पानी की व्यवस्था खराब है। इसके बावजूद हॉस्टल की फीस लगातार बढ़ाई जा रही है। छात्रों ने सुविधाएं बेहतर करने की मांग की है। छात्र उत्सव पटेल ने बताया कि हॉस्टल में मेस और पानी की समस्या है। खाने का मेन्यू तो बनता है, लेकिन खाने की क्वालिटी लगातार खराब हो रही है।
पानी की व्यवस्था भी ठीक नहीं है। इससे छात्रों की तबीयत खराब हो रही है। यूनिवर्सिटी में फीस लगातार बढ़ाई जा रही है, लेकिन सुविधाएं नहीं बढ़ाई जा रही हैं। इन्हीं समस्याओं और मांगों को लेकर एबीवीपी दर्शन कर रही है। महमूदाबाद छात्रावास में रहने वाले छात्र माता प्रसाद ने बताया कि हॉस्टल की सुविधाएं खराब हैं।
इनमें सुधार की जरूरत है। मेस में जो भी दिक्कतें आ रही हैं, उन्हें कुलपति के सामने रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन आगे आकर इन समस्याओं पर कार्रवाई करे तो बेहतर होगा। छात्र दिव्यांशु सिंह ने बताया कि कैंपस के हॉस्टल के साथ एकेडमिक भवन के वॉशरूम में भी समस्या है।
Comments