दहेज लोभी ससुरालियों ने गर्भवती बहू को घर से निकाला, मामला दर्ज
- Posted By: Admin
- खबरें हटके
- Updated: 15 February, 2026 18:59
- 92

दहेज लोभी ससुरालियों ने गर्भवती बहू को घर से निकाला, मामला दर्ज
गर्भवती महिला को दहेज के लिए किया प्रताड़ित
शौचालय में ताला लगाकर घर से बाहर निकाला
काकोरी लखनऊ। लखनऊ के काकोरी क्षेत्र से मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है, जहाँ एक गर्भवती महिला को उसके ससुराल वालों ने दहेज की मांग पूरी न होने पर घर से निकाल दिया। शनिवार को पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर पति, सास, ससुर और देवर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
राजधानी के पारा थाना क्षेत्र के सलेमपुर पतौरा की रहने वाली रूपा का विवाह 9 अक्टूबर 2024 को काकोरी के ईंट गाँव निवासी शुभम के साथ हुआ था। पीड़िता का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही ससुर छेदीलाल, सास राजकुमारी और देवर मौसम उसे कम दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगे। ससुराल पक्ष की ओर से एक मोटरसाइकिल और 50 हजार रुपये की अतिरिक्त मांग की जा रही थी।
हद तो तब हो गई जब आरोपियों ने 7 माह की गर्भवती रूपा को घर के शौचालय का उपयोग करने से रोक दिया और उसमें ताला लगा दिया। विरोध करने पर उसके पति को भी पीटा गया। शनिवार को दर्ज कराई गई रिपोर्ट में बताया गया कि बीते दिनों आरोपियों ने पीड़िता को सिर्फ पहने हुए कपड़ों में घर से बाहर धकेल दिया।
पुलिस ने इस मामले में पति या पति के रिश्तेदारों द्वारा महिला के साथ की गई क्रूरता, किसी को स्वेच्छा से चोट पहुँचाना और जान से मारने या गंभीर नुकसान पहुँचाने की धमकी देना जैसी गंभीर कानूनी श्रेणियों के तहत केस दर्ज किया है। साथ ही, दहेज की मांग करने और दहेज लेने या देने के लिए दंड से जुड़े नियमों के तहत भी कार्रवाई की जा रही है। इंस्पेक्टर सतीश राठौर ने बताया कि मामले की जांच उपनिरीक्षक शैलेश कुमार तिवारी को सौंपी गई है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Comments