अवैध डेयरी पर कार्रवाई का विरोध, पुलिस पर हमला करने वाले पांच गिरफ्तार

अवैध डेयरी पर कार्रवाई का विरोध, पुलिस पर हमला करने वाले पांच गिरफ्तार

अवैध डेयरी पर कार्रवाई का विरोध, पुलिस पर हमला करने वाले पांच गिरफ्तार

पारा के गदियाना बादलखेड़ा में नगर निगम की कार्रवाई के दौरान हुआ था हंगामा।

सरकारी वाहनों पर पथराव और पुलिस टीम पर लाठी-डंडे व लोहे की जंजीर से हमला करने का आरोप।


पारा लखनऊ। पारा थाना क्षेत्र के गदियाना बादलखेड़ा, बुद्धेश्वर में अवैध डेयरी संचालन, अतिक्रमण और गंदगी के खिलाफ नगर निगम की कार्रवाई का विरोध करने के मामले में पुलिस ने पांच वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने 16 अगस्त को नगर निगम की टीम के साथ मौजूद पुलिसकर्मियों से विवाद करते हुए सरकारी वाहनों में तोड़फोड़ की और पुलिस टीम पर हमला करने का प्रयास किया था।

पुलिस के अनुसार नगर निगम की टीम 16 अगस्त को स्थानीय पुलिस बल के साथ गदियाना बादलखेड़ा क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित डेयरी और गंदगी के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची थी। टीम द्वारा पशुओं को जब्त करने और जुर्माना लगाने की कार्रवाई शुरू की गई तो कुछ लोगों ने इसका विरोध किया। आरोप है कि विरोध के दौरान आरोपियों ने एकराय होकर सरकारी वाहनों पर पथराव शुरू कर दिया। इससे वाहनों के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए।

मौके पर मौजूद पुलिस बल ने स्थिति को नियंत्रित करने और लोगों को रोकने का प्रयास किया। पुलिस का आरोप है कि इसी दौरान कुछ लोग लाठी-डंडे और लोहे की जंजीर लेकर पुलिस टीम पर हमलावर हो गए। सरकारी कार्य में भी बाधा डाली गई। मामले में थाना पारा में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।

घटना के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दो महिला आरोपियों आफरीन और खुशबुन को मौके से गिरफ्तार कर लिया था, जबकि अन्य आरोपी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए थे। फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही थी।

इसी क्रम में 18 अगस्त को मुखबिर की सूचना पर थाना पारा पुलिस ने गदियाना आदर्श विहार, बुद्धेश्वर क्षेत्र से पांच वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सराफत अली उर्फ लाल बाल वाला, रिजवान, मोहम्मद सलामुद्दीन अली, शहाबुद्दीन और मोहम्मद इस्लाम के रूप में हुई है।

दूध के कारोबार के लिए घरों में पाल रहे थे भैंस

पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे दूध के कारोबार के लिए अपने घरों पर बड़ी संख्या में भैंस पालकर डेयरी चला रहे थे। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के पास डेयरी संचालन और पशुओं को रखने से संबंधित वैध लाइसेंस या दस्तावेज नहीं थे। नगर निगम की ओर से पूर्व में भी अवैध पशुपालन और गंदगी के खिलाफ कार्रवाई की गई थी।

आरोपियों के मुताबिक 16 अगस्त को नगर निगम की टीम पुलिस बल के साथ पहुंची तो उन्हें पशुओं के जब्त होने और जुर्माना लगने की आशंका हुई। इसी के बाद सरकारी वाहनों में तोड़फोड़ और पुलिस टीम के साथ विवाद की स्थिति बनी।

इन आरोपियों की हुई गिरफ्तारी

पुलिस के मुताबिक सराफत अली उर्फ लाल बाल वाला, निवासी सुरती खेड़ा थाना माल, हाल पता डिप्टी खेड़ा चंद्रा एकेडमी के पीछे थाना पारा, उम्र करीब 42 वर्ष; रिजवान, निवासी बघौड़ा थाना औरास उन्नाव, हाल पता गदियाना आदर्श विहार बुद्धेश्वर, उम्र करीब 25 वर्ष; मोहम्मद सलामुद्दीन अली और शहाबुद्दीन, दोनों निवासी कांचारी थाना कासिमपुर हरदोई, हाल पता राजाजीपुरम क्षेत्र, तथा मोहम्मद इस्लाम निवासी कांचारी थाना कासिमपुर हरदोई, हाल पता राजाजीपुरम, को गिरफ्तार किया गया है।

मामले में थाना पारा में मुकदमा अपराध संख्या 574/2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं, लोक संपत्ति निवारण अधिनियम की धारा 2/3 और 7 सीएलए एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में थाना पारा के प्रभारी निरीक्षक सुरेश सिंह के साथ उपनिरीक्षक चेतन आजाद, पुनीत लोहिया, विभोर सिंह, हर्ष यादव, हेड कांस्टेबल मुनीर अहमद, तेजबहादुर, जितेंद्र सिंह और कांस्टेबल बादल शामिल रहे।

Comments

Leave A Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *