चाइनीज मांझे का कालचक्र: युवक की दर्दनाक मौत के बाद पुलिस प्रशासन का 'एक्शन मोड',
- Posted By: Nawab
- खबरें हटके
- Updated: 6 February, 2026 17:57
- 109

चाइनीज मांझे का कालचक्र: युवक की दर्दनाक मौत के बाद पुलिस प्रशासन का 'एक्शन मोड',
बीते बुधवार को हैदरगंज पुल पर चाइनीज मांझे से कटी गर्दन, युवक ने तोड़ा दम।
लखनऊ में पुलिस प्रशासन हरकत में, मुख्यमंत्री के निर्देश पर हत्या की धारा में होगी कार्रवाई।
काकोरी लखनऊ। राजधानी लखनऊ में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे का जानलेवा खेल जारी है। बीते बुधवार हैदरगंज पुल पर एक बाइक सवार युवक शोएब की गर्दन चाइनीज मांझे की धार में आ गई, जिससे उसकी नसें बुरी तरह कट गईं। गंभीर रूप से घायल शोएब ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस दर्दनाक घटना ने पुलिस प्रशासन को पूरी तरह से 'एक्शन मोड' में ला दिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सख्त निर्देशों के बाद अब चाइनीज मांझे से होने वाली मौत पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
बीते बुधवार की घटना और प्रशासन का रुख:
बीते बुधवार की घटना ने राजधानी में चाइनीज मांझे की बिक्री और इस्तेमाल पर लगे प्रतिबंध की पोल खोल दी है। शोएब की मौत के बाद शासन और प्रशासन पर गंभीर सवाल उठने लगे थे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसे गंभीरता से लेते हुए तत्काल प्रभाव से पूरे प्रदेश में चाइनीज मांझे के खिलाफ अभियान चलाने और मौत होने पर सीधे हत्या की धारा (302) के तहत कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
'एक्शन मोड': सघन चेकिंग और कड़ी चेतावनी
गुरुवार को मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद राजधानी पुलिस प्रशासन पूरी तरह हरकत में आ गया है। एसीपी काकोरी के नेतृत्व में थाना काकोरी पुलिस ने कस्बा काकोरी सहित पूरे थाना क्षेत्र में पतंग और मांझा बेचने वाले दुकानदारों के खिलाफ सघन एवं व्यापक चेकिंग अभियान चलाया।
विशेष निगरानी: एसीपी काकोरी ने प्रभारी निरीक्षक काकोरी को पुलिस बल के साथ क्षेत्र में विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं।
औचक निरीक्षण: अभियान के दौरान मुख्य बाजार, भीड़भाड़ वाले इलाकों और पतंग-मांझा की दुकानों पर औचक निरीक्षण किए गए।
सख्त हिदायत: पुलिस ने दुकानदारों के पास उपलब्ध मांझे की जांच की और उन्हें अवैध रूप से प्रतिबंधित चाइनीज मांझा न बेचने की कड़ी हिदायत दी।
गिरफ्तारी की चेतावनी: एसीपी काकोरी और थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश चंद्र राठौर ने स्वयं मौके पर मौजूद रहकर दुकानदारों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी भी दुकानदार द्वारा प्रतिबंधित मांझा बेचते हुए पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी, जिसमें मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी तक की कार्रवाई शामिल होगी।
जनता से अपील: पुलिस ने आम जनता से अपील की कि वे चाइनीज मांझा का प्रयोग न करें और यदि कहीं इसकी अवैध बिक्री की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि राजधानी में हाल के दिनों में चाइनीज मांझा से होने वाली घटनाओं में बढ़ोतरी को देखते हुए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। प्रशासन का उद्देश्य ऐसी किसी भी लापरवाही को रोकना है जिससे आमजन की जान को खतरा हो। इस अभियान के चलते क्षेत्र के दुकानदारों में हड़कंप मच गया है और कई दुकानदारों ने स्वयं ही मांझे की बिक्री बंद करने की बात कही है। पुलिस प्रशासन ने साफ शब्दों में कहा है कि जनता की सुरक्षा सर्वोपरि है और चाइनीज मांझा जैसी जानलेवा वस्तुओं के खिलाफ किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई तय है।

Comments