लखनऊ विश्वविद्यालय के हॉस्टल में छात्र ने दी जान
- Posted By: Admin
- खबरें हटके
- Updated: 2 March, 2026 08:36
- 57

लखनऊ विश्वविद्यालय के हॉस्टल में छात्र ने दी जान
लखनऊ विश्वविद्यालय के सुभाष छात्रावास में बीए द्वितीय वर्ष के छात्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या की।
मृतक छात्र डिप्रेशन का शिकार बताया जा रहा है, पुलिस मामले की विधिक जांच में जुटी।
लखनऊ। रविवार को हसनगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत लखनऊ विश्वविद्यालय से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां सुभाष छात्रावास के कमरा नंबर 52 में रहने वाले 20 वर्षीय छात्र नवीन कुमार ने पंखे से रस्सी का फंदा बनाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। नवीन मूल रूप से बलिया जिले के चक उसरैला का निवासी था और विश्वविद्यालय में बीए द्वितीय सेमेस्टर की पढ़ाई कर रहा था। घटना की जानकारी तब हुई जब दोपहर करीब 1:00 बजे साथी छात्रों ने देखा कि नवीन का कमरा अंदर से बंद है और काफी आवाज देने के बाद भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल रही है।
हॉस्टल के प्रवोष्ट डॉ. महेंद्र कुमार को सूचित किए जाने के बाद छात्रों और कर्मचारियों की मौजूदगी में जब कमरा खोला गया, तो नवीन का शव फंदे से लटका मिला। सूचना मिलते ही हसनगंज थाना पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतक के परिजनों को इस दुखद घटना की जानकारी दे दी गई है।
शुरुआती जांच और साथी छात्रों से मिली जानकारी के अनुसार, नवीन पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव और अवसाद (डिप्रेशन) में चल रहा था, जिसे आत्महत्या का संभावित कारण माना जा रहा है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए साक्ष्य एकत्रित कर लिए हैं और विधिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्यवाही की जा रही है।

Comments