गुडम्बा में बच्चा चोरी की अफवाह पर पुलिस का स्पष्टीकरण, हमलावरों से बचकर थाने पहुंचे युवक

गुडम्बा में बच्चा चोरी की अफवाह पर पुलिस का स्पष्टीकरण, हमलावरों से बचकर थाने पहुंचे युवक

गुडम्बा में बच्चा चोरी की अफवाह पर पुलिस का स्पष्टीकरण, हमलावरों से बचकर थाने पहुंचे युवक

दूध व्यापारियों की कार देख घबराई बच्ची, लाल आंखें देख शोर मचाने पर ग्रामीणों ने किया हमला।

पुलिस जांच में बच्चा चोरी की बात निकली पूरी तरह झूठ, ग्रामीणों को शांत कर स्थिति पर पाया काबू।

गुडम्बा लखनऊ। सोमवार को लखनऊ के थाना गुडम्बा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली फूलबाग कॉलोनी और ग्राम भाखामऊ के बीच बच्चा चोरी की एक अफवाह ने हिंसक रूप ले लिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, फूलबाग कॉलोनी निवासी मो. जैद की ग्राम भाखामऊ में एक दुग्ध डेयरी संचालित है। उनके मित्र धीरेन्द्र सिंह और राघवेन्द्र सिंह भी पिछले छह माह से उसी गांव में डेयरी का संचालन कर रहे हैं। सोमवार को दोनों भाई अपने निजी कार्य से चार पहिया वाहन द्वारा भाखामऊ से वापस लौट रहे थे।

​वाहन का शीशा खुला होने के कारण सड़क किनारे खड़ी एक 11 वर्षीय बच्ची कार सवारों को देखकर अचानक घबरा गई और शोर मचाने लगी। बच्ची के चिल्लाने पर ग्रामीणों को बच्चा चोरी का संदेह हुआ और उन्होंने आक्रोशित होकर वाहन को घेर लिया। भीड़ द्वारा किए गए हमले में वाहन का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया, हालांकि दोनों युवक किसी तरह मौके से सुरक्षित निकलकर थाना गुडम्बा पहुंचे और पुलिस को आपबीती सुनाई।

​मामले की गंभीरता को देखते हुए उपनिरीक्षक संदीप को तुरंत मौके पर भेजा गया। ग्राम प्रधान और परिजनों की मौजूदगी में जब बच्ची से पूछताछ की गई, तो उसने बताया कि वाहन में बैठे एक व्यक्ति की लाल आंखें देखकर वह डर गई थी और इसी डर के कारण उसने शोर मचाया था। पुलिस की प्रारंभिक जांच में बच्चा चोरी के प्रयास की घटना पूरी तरह असत्य और निराधार पाई गई है। पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया है और वर्तमान में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।

Comments

Leave A Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *