पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़: चैन स्नैचिंग का आरोपी गोली लगने से घायल
- Posted By: Admin
- खबरें हटके
- Updated: 21 February, 2026 11:17
- 85

पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़: चैन स्नैचिंग का आरोपी गोली लगने से घायल
बैंक मैनेजर की पत्नी से लूट करने वाले बदमाश और पुलिस के बीच बरौली पुल के पास हुई मुठभेड़
आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में लगी गोली, अवैध असलहा और लूटी गई चैन बरामद।
लखनऊ के थाना पीजीआई क्षेत्र के अंतर्गत शुक्रवार को पुलिस और एक शातिर अपराधी के बीच हुई मुठभेड़ में चैन स्नैचिंग का आरोपी घायल हो गया। प्राप्त विवरण के अनुसार, बैंक मैनेजर की पत्नी के साथ हुई लूट की घटना के संबंध में पुलिस टीम बरौली पुल के नीचे संदिग्धों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बरौली पुल से उतरठिया की तरफ आ रही एक बिना नंबर प्लेट की हीरो स्ट्रीम मोटरसाइकिल को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया। पुलिस बल को देखकर मोटरसाइकिल सवार ने उन पर जान से मारने की नियत से फायरिंग कर दी। पुलिस ने भी आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्यवाही करते हुए न्यूनतम बल का प्रयोग किया और आरोपी को ललकारते हुए गोली चलाई, जो उसके बाएं पैर के घुटने के नीचे लगी। घायल अवस्था में पकड़े गए अभियुक्त की पहचान विवेक कुमार यादव उर्फ शेरू यादव, निवासी सुल्तानपुर के रूप में हुई है।
तलाशी के दौरान पुलिस ने अभियुक्त के पास से 3.360 ग्राम की पीली धातु की चैन, एक अवैध तमंचा 315 बोर, कारतूस, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और 1700 रुपये नकद बरामद किए हैं। आरोपी के खिलाफ पूर्व में रंगदारी और बलात्कार जैसे गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। शुक्रवार को हुई इस मुठभेड़ के बाद घायल अभियुक्त को तत्काल इलाज के लिए पीजीआई ट्रामा सेंटर भेजा गया है और मौके पर फील्ड यूनिट द्वारा साक्ष्य जुटाए गए हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ हत्या का प्रयास या सरकारी कार्य में बाधा डालने जैसे अपराधों से संबंधित सुसंगत कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Comments