प्रीपेड मीटर की धांधली के खिलाफ व्यापार मंडल का हल्ला बोल, आंदोलन की चेतावनी
- Posted By: Admin
- खबरें हटके
- Updated: 18 April, 2026 16:36
- 68

प्रीपेड मीटर की धांधली के खिलाफ व्यापार मंडल का हल्ला बोल, आंदोलन की चेतावनी
प्रीपेड मीटर हटाकर पोस्टपेड प्रणाली बहाल करने और ऊर्जा मंत्री से हस्तक्षेप की मांग।
मांगें पूरी न होने पर सड़कों पर उतरकर बड़े आंदोलन की दी चेतावनी।
लखनऊ। लखनऊ में बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं को लेकर सामाजिक उद्योग व्यापार मंडल ने कड़ा रुख अपनाया है। प्रदेश अध्यक्ष रामबाबू रस्तोगी ने उत्तर प्रदेश सहित पूरे देश में प्रीपेड मीटर प्रणाली में हो रही व्यापक धांधली पर गहरा विरोध दर्ज कराया है। रामबाबू रस्तोगी का आरोप है कि जब से उत्तर प्रदेश में वर्टिकल कार्य प्रणाली लागू हुई है, तब से बिजली विभाग के अधिकारियों ने उपभोक्ताओं को परेशान करना शुरू कर दिया है। अधिकारियों पर अवैध धन उगाही के गंभीर आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि जूनियर इंजीनियर से लेकर मुख्य अभियंता और एमडी तक किसी भी अधिकारी का फोन नहीं उठता, जिससे जनता की समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है।
शनिवार को जारी बयान में संगठन ने ऊर्जा मंत्री से मांग की है कि प्रीपेड मीटर को तत्काल प्रभाव से हटाकर पुरानी पोस्टपेड मीटर प्रणाली को वापस लाया जाए। इसके साथ ही मध्यम और निम्न वर्ग के उद्योगपतियों के लिए कमर्शियल ओटीएस (एकमुश्त समाधान योजना) लागू करने की भी पुरजोर वकालत की गई है। व्यापार मंडल ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द विचार नहीं किया गया, तो सैकड़ों की संख्या में व्यापारी और उपभोक्ता सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे। विभागीय लापरवाही और फोन न उठाने की प्रवृत्ति ने उपभोक्ताओं के बीच भारी असंतोष पैदा कर दिया है, जिसे लेकर अब आर-पार की लड़ाई का मन बना लिया गया है।

Comments