अस्पताल में महिला से मारपीट की खबर झूठी, पुलिस ने अफवाह का किया खंडन
- Posted By: Admin
- खबरें हटके
- Updated: 5 June, 2026 22:08
- 61

अस्पताल में महिला से मारपीट की खबर झूठी, पुलिस ने अफवाह का किया खंडन
पर्चा काउंटर की लाइन में विवाद के बाद महिला ने सड़क पर किया हंगामा।
सीसीटीवी फुटेज में सुरक्षाकर्मियों द्वारा मारपीट की पुष्टि नहीं, अफवाह निकली बेबुनियाद।
विभूति खंड लखनऊ। लखनऊ के थाना विभूतिखण्ड क्षेत्र के अंतर्गत आरएमएल अस्पताल की ओल्ड ओपीडी में सुरक्षाकर्मियों द्वारा एक महिला के साथ मारपीट किए जाने की सोशल मीडिया पर चल रही खबर पूरी तरह से असत्य और निराधार पाई गई है। शुक्रवार को पुलिस को अस्पताल की ओल्ड ओपीडी में दो महिलाओं के बीच विवाद और मारपीट होने की सूचना मिली थी। इस जानकारी पर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर पूरे मामले की पड़ताल की।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि ओपीडी पर्चा काउंटर पर लाइन में लगने की बात को लेकर जनपद बाराबंकी की रहने वाली रीना सिंह और एक अन्य महिला के बीच आपस में तीखी बहस और विवाद हो गया था। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और महिला सुरक्षाकर्मियों ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर शांत कराने का काफी प्रयास किया, लेकिन रीना सिंह लगातार विवाद करती रहीं। इसके बाद वह अस्पताल परिसर से बाहर सड़क पर चली गईं और खुद को अस्वस्थ दिखाने का नाटक करने लगीं, जिससे अस्पताल परिसर के आसपास की शांति व्यवस्था प्रभावित होने लगी।
पुलिस ने निष्पक्षता से जांच करने के लिए अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज देखने पर साफ हुआ कि रीना सिंह खुद दूसरी महिला के साथ वाद-विवाद और मारपीट कर रही थीं। सीसीटीवी फुटेज और वहां मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ में अस्पताल के सुरक्षाकर्मियों द्वारा महिला के साथ किसी भी प्रकार की मारपीट किए जाने की पुष्टि नहीं हुई है। सुरक्षाकर्मियों पर लगे आरोप पूरी तरह गलत साबित हुए हैं। इस मामले में पुलिस ने शांति व्यवस्था बनाए रखने और लोक व्यवस्था में व्यवधान डालने के प्रयास को रोकने की कानूनी प्रक्रियाओं के तहत रीना सिंह के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई की है और उनका मेडिकल परीक्षण भी कराया गया है।

Comments