शहीद पथ पर ट्रक से टकराया लोडर, केबिन काटकर चालक को सुरक्षित निकाला
- Posted By: Admin
- खबरें हटके
- Updated: 20 April, 2026 19:54
- 100

शहीद पथ पर ट्रक से टकराया लोडर, केबिन काटकर चालक को सुरक्षित निकाला
शहीद पथ पर भीषण सड़क हादसा, लोडर चालक को रेस्क्यू कर निकाला गया बाहर
पुलिस और फायर ब्रिगेड की तत्परता से बची जान, घंटों मशक्कत के बाद यातायात बहाल
लखनऊ। लखनऊ के गोमतीनगर विस्तार क्षेत्र में शहीद पथ पर सोमवार की देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पेनेशिया हॉस्पिटल के पास गिट्टी से लदे एक तेज रफ्तार लोडर ने आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि लोडर के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए और चालक केबिन के मलबे में बुरी तरह फंस गया। सूचना मिलते ही गोमतीनगर विस्तार पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। लोडर के अगले हिस्से को कटर से काटकर करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद चालक विकास (24 वर्ष) निवासी बस्ती को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
हादसे के बाद शहीद पथ पर वाहनों की लंबी कतार लग गई थी। घायल चालक को तत्काल एम्बुलेंस के माध्यम से अस्पताल भेजा गया, जहाँ उसका उपचार चल रहा है। पुलिस ने भारी क्रेन मंगवाकर गिट्टी से लदे लोडर (UP58 AT 2036) को रास्ते से हटाने का प्रयास किया, लेकिन वजन अधिक होने के कारण उसे सरयू अपार्टमेंट के पास सुरक्षित खड़ा कराया गया। इसी दौरान एक अनियंत्रित बस ने क्रेन में भी पीछे से टक्कर मार दी, हालांकि इस दूसरे हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। पुलिस की त्वरित कार्यवाही के बाद शहीद पथ पर यातायात को पूर्णतः सामान्य करा दिया गया है और वर्तमान में आवागमन सुचारू रूप से जारी है।

Comments