बिना परमिट वाले स्कूल वाहनों का पंजीयन होगा निरस्त, आरटीओ ने दिए सख्त निर्देश
- Posted By: Admin
- खबरें हटके
- Updated: 2 May, 2026 20:01
- 65

बिना परमिट वाले स्कूल वाहनों का पंजीयन होगा निरस्त, आरटीओ ने दिए सख्त निर्देश
बच्चों की सुरक्षा में लापरवाही बरतने वाले स्कूल प्रबंधनों पर गिरेगी गाज, मान्यता भी हो सकती है रद्द।
फिटनेस, बीमा, प्रदूषण और परमिट वैध न होने पर अगले 3 दिनों में शुरू होगी निरस्तीकरण की प्रक्रिया।
अयोध्या। परिवहन आयुक्त उत्तर प्रदेश के निर्देशों के अनुपालन में अयोध्या मंडल के परिवहन विभाग ने स्कूली वाहनों की सुरक्षा और वैधानिक मानकों को लेकर मोर्चा खोल दिया है। आरटीओ प्रशासन ऋतु सिंह ने मंडल के सभी जनपदों के अधिकारियों के साथ बैठक और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कर सख्त निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन स्कूली वाहनों का परमिट समाप्त हो गया है या जिन्होंने अब तक परमिट प्राप्त नहीं किया है, उनके पंजीयन तत्काल निरस्त किए जाएं।
समीक्षा बैठक में यह तथ्य सामने आया कि सुल्तानपुर में 457 नोटिस और 174 निलंबन तथा अमेठी में 231 नोटिस और 114 निलंबन की कार्रवाई के बावजूद कई स्कूल प्रबंधन फिटनेस और परमिट जैसे अनिवार्य प्रपत्रों को वैध कराने में उदासीनता बरत रहे हैं। आरटीओ ने इसे बच्चों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ बताते हुए अत्यंत आपत्तिजनक माना है। विभाग अब शिक्षा विभाग के माध्यम से ऐसे स्कूलों की मान्यता रद्द कराने की कवायद भी शुरू करेगा।
सुलतानपुर और अमेठी के एआरटीओ को विशेष रूप से सर्वोच्च प्राथमिकता पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। इकरा मुस्लिम गर्ल्स इण्टर कालेज, हौसला प्रसाद शिक्षण संस्थान, एस.जे.एस पब्लिक स्कूल और डी.पी.एस पब्लिक स्कूल लम्भुआ सहित कई ऐसे संस्थानों को चिह्नित किया गया है जिन्होंने पोर्टल पर निरीक्षण के बावजूद अपने प्रपत्र दुरुस्त नहीं कराए हैं। 15 वर्ष की आयु सीमा पूरी कर चुके वाहनों और निलंबन अवधि पार करने वाले वाहनों का पंजीयन अगले तीन दिनों में निरस्त कर रिपोर्ट भेजने के आदेश दिए गए हैं।
बैठक में अयोध्या के एआरटीओ प्रशासन आर.पी. सिंह सहित अंबेडकरनगर, अमेठी और सुल्तानपुर के अधिकारी शामिल हुए। आरटीओ ने स्कूल संचालकों को चेतावनी दी है कि वे उत्तर प्रदेश मोटर यान नियमावली के प्रावधानों का पालन करते हुए तत्काल फिटनेस, बीमा, पीयूसीसी और परमिट के लिए आवेदन करें, अन्यथा प्रतिकूल कानूनी कार्रवाई के लिए तैयार रहें। अधिकारी ने कहा कि इस कार्य में शिथिलता बरतने वाले कर्मियों की सूचना भी उच्च स्तर पर भेजी जाएगी।

Comments