साईनाथ कॉलोनी में निजी चालक ने जहरीला पदार्थ खाकर दी जान, परिवार में कोहराम
- Posted By: Admin
- खबरें हटके
- Updated: 8 June, 2026 21:19
- 63

साईनाथ कॉलोनी में निजी चालक ने जहरीला पदार्थ खाकर दी जान, परिवार में कोहराम
साईनाथ कॉलोनी में घरेलू कलह के चलते निजी चालक ने खाया जहर, अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम।
बाजार से सामान और बेटी के लिए छोले-भटूरे लेकर लौटा था मृतक, पत्नी से विवाद के बाद उठाया आत्मघाती कदम।
पारा लखनऊ। राजधानी के पारा थाना क्षेत्र अंतर्गत डॉक्टर खेड़ा चौकी इलाके की साईनाथ कॉलोनी में रविवार शाम को एक निजी चालक ने संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ खाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। बाथरूम में बेहोशी की हालत में पड़े और मुंह से झाग निकलता देख परिजनों में हड़कंप मच गया। आनंद-फानन में उन्हें इलाज के लिए लोकबंधु अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान देर रात उन्होंने दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्राप्त विवरण के अनुसार, साईनाथ कॉलोनी के रहने वाले 55 वर्षीय परमानंद पेशे से निजी चालक थे। मृतक के बेटे आदित्य ने बताया कि रविवार की शाम को उनके पिता बाजार से घर का सामान लेकर वापस लौटे थे। वह अपनी छोटी बेटी के लिए बाजार से छोले-भटूरे भी खरीद कर लाए थे, लेकिन इसी दौरान वह रास्ते में एक मेडिकल स्टोर से जहरीला पदार्थ भी साथ ले आए थे। घर पहुंचने के बाद उन्होंने खुद को कमरे में बंद कर लिया और अज्ञात कारणों के चलते जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया।
जहरीला पदार्थ खाने के बाद परमानंद ने अपनी बड़ी बेटी वेदांशी को इस बात की जानकारी दी कि उन्होंने जहर खा लिया है। इसके तुरंत बाद वह अचेत होकर बाथरूम में गिर पड़े। पिता के मुंह से झाग निकलता देख बच्चों के होश उड़ गए। परिजनों ने स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत रानी लक्ष्मीबाई अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बलरामपुर अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन उन्हें बलरामपुर से एक निजी अपोलो अस्पताल ले गए और वहां से अंततः लोकबंधु अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक अपने पीछे तीन बेटे आदित्य, प्रिंस, वैभव और दो बेटियां वेदांशी व नैना को छोड़ गए हैं।
इस संबंध में इंस्पेक्टर सुरेश सिंह ने बताया कि प्राथमिक जांच में यह बात सामने आई है कि मृतक का अपनी पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी पारिवारिक कलह और मानसिक तनाव के चलते परेशान होकर उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठाया है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

Comments