शराब की दुकान के सेल्समैन से हथियार के बल पर लूट
- Posted By: Admin
- खबरें हटके
- Updated: 26 March, 2026 16:39
- 46

शराब की दुकान के सेल्समैन से हथियार के बल पर लूट
पुलिस ने किया मुक़दमा दर्ज, सीसीटीवी फुटेज और साक्ष्यों के आधार पर बदमाशों की तलाश जारी
अपर पुलिस उपायुक्त और सर्विलांस सेल ने किया घटनास्थल का मुआयना, शीघ्र अनावरण हेतु टीमें गठित
लखनऊ। राजधानी लखनऊ के मदेयगंज थाना क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में लूट की एक बड़ी घटना सामने आई है, जिसमें अज्ञात बदमाशों ने एक शराब की दुकान के सेल्समैन पर चाक़ू से हमला कर उससे बिक्री का कलेक्शन लूट लिया। सोमवार, दिनांक 25.03.2026 की देर रात करीब 11:28 बजे मदेयगंज पुलिस को दीनदयाल नगर स्थित तरन्नुम मार्केट गली में लूटपाट की सूचना मिली। घटना की सूचना पाते ही मदेयगंज पुलिस स्टेशन के प्रभारी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तत्काल पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुँचकर स्थिति का जायजा लिया।
जाँच के दौरान पुलिस द्वारा की गई प्रारंभिक पूछताछ में पीड़ित हर्ष जायसवाल ने बताया कि वह दीनदयाल नगर खदरा क्षेत्र के निवासी मनीष जायसवाल के स्वामित्व वाली शराब की दुकानों से प्रतिदिन बिक्री की धनराशि (कलेक्शन) उनके आवास तक पहुँचाने का कार्य करता है। हर्ष जायसवाल ने पुलिस को बताया कि वह सोमवार की देर रात भी नियत क्रम में अपनी स्प्लेंडर मोटरसाइकिल से कलेक्शन लेकर जा रहा था। जब वह दीनदयाल नगर तरन्नुम वाली गली में पहुँचा, तो पहले से ही घात लगाए बैठे 04 अज्ञात बदमाशों ने उसे रोक लिया। बदमाशों ने हर्ष जायसवाल को डरा-धमका कर उससे कलेक्शन से भरा बैग छीन लिया।
जब हर्ष जायसवाल ने बदमाशों का विरोध किया, तो बदमाशों ने उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस हमले में वह घायल हो गया। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी अभियुक्त मोटरसाइकिलों पर सवार होकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने घायल हर्ष जायसवाल को तत्काल उपचार हेतु अस्पताल भिजवाया, जहाँ उनकी स्थिति सामान्य और स्थिर बताई जा रही है। घटना को लेकर पीड़ित हर्ष जायसवाल की तहरीर के आधार पर मदेयगंज पुलिस ने संबंधित धाराओं के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस उपायुक्त मध्य, सहायक पुलिस आयुक्त महानगर और सर्विलांस सेल द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है। पुलिस द्वारा घटनास्थल से साक्ष्य संकलित किए जा रहे हैं और सीसीटीवी फुटेज का भी गहन परीक्षण किया जा रहा है। पुलिस उपायुक्त, मध्य, विक्रान्त वीर द्वारा इस मामले के शीघ्र अनावरण और अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया है। पुलिस ने जल्द ही घटना का खुलासा करने का आश्वासन दिया है।

Comments