मोहर्रम की शबील में अलीगंज अग्निकांड के 15 मासूम बच्चों को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि
- Posted By: Admin
- खबरें हटके
- Updated: 24 June, 2026 21:54
- 48

मोहर्रम की शबील में अलीगंज अग्निकांड के 15 मासूम बच्चों को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि
इमाम हुसैन की शहादत की याद में अमायरा फाउंडेशन ने किया आयोजन।
अग्निकांड के दोषियों पर कार्रवाई और सुरक्षा नियमों के पालन की उठी मांग।
लखनऊ। मोहर्रम के पवित्र महीने में इमाम हुसैन की शहादत और मैदान-ए-कर्बला की प्यास की याद में अमायरा फाउंडेशन द्वारा एक शबील का आयोजन किया गया। इस अवसर पर लखनऊ के अलीगंज क्षेत्र में हुए भीषण अग्निकांड में जान गंवाने वाले 15 मासूम बच्चों को विशेष श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम के दौरान बच्चों की तस्वीरें लगाकर मोमबत्तियां जलाई गईं। अमायरा फाउंडेशन के जनरल सेक्रेटरी रियाज़-उल-हक़ ने कहा कि मोहर्रम का महीना हमें अहले बैत के सब्र, कुर्बानी और इंसानियत के संदेश की याद दिलाता है। उन्होंने कहा कि अलीगंज अग्निकांड में जान गंवाने वाले 15 मासूम बच्चों की याद में उन्हें श्रद्धांजलि दी गई और ईश्वर से प्रार्थना है कि वह सभी बच्चों को जन्नतुल फिरदौस में आला मकाम अता फरमाए तथा उनके परिजनों को इस कठिन समय में सब्र और हिम्मत प्रदान करे।
रियाज़-उल-हक़ ने कहा कि देश के नागरिक होने के नाते वे सरकार से मांग करते हैं कि इस अग्निकांड के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही ऐसे संस्थानों और प्रतिष्ठानों पर भी कठोर कार्रवाई हो जो रिहायशी क्षेत्रों एवं मकानों में गैरकानूनी रूप से व्यावसायिक गतिविधियां संचालित कर रहे हैं, जिससे भविष्य में इस प्रकार की दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। अमायरा फाउंडेशन के उपाध्यक्ष अब्दुल वाज़े ने कहा कि अलीगंज अग्निकांड से पूरा लखनऊ एक बेहद गंभीर और भावुक दौर से गुजर रहा है। सबसे पहले मैं अमायरा फाउंडेशन और पूरे शहर की तरफ से सोमवार को अलीगंज हादसे में जान गंवाने वाले हमारे 15 मासूम और होनहार बच्चों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूँ और उनके परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूँ।
अब्दुल वाज़े ने कहा कि यह सिर्फ एक हादसा नहीं, बल्कि सीधे-सीधे आपराधिक लापरवाही का नतीजा है। एक वकील होने के नाते हमारी मांग है कि फास्ट ट्रैक कोर्ट के जरिए दोषियों को सख्त से सख्त सजा मिले ताकि किसी और मां की गोद सूनी न हो। वहीं दूसरी तरफ, बुधवार का यह ऐतिहासिक दिन मोहर्रम का है, जो हमें इमाम हुसैन का अमन, इंसानियत और मजलूमों के हक में खड़े होने का पैगाम याद दिलाता है। शहर के इस बेहद गमगीन माहौल में हमारी संस्था 'अमायरा फाउंडेशन' की तरफ से हमने इस 'सबीले इमाम हुसैन' का इंतजाम किया है। इमाम का रास्ता ही हमें मुश्किल वक्त में दूसरों की सेवा करना और दुख बांटना सिखाता है।
बुधवार को हादसे को देखते हुए हमारी संस्था और हमारे सभी वॉलिंटियर्स की जिम्मेदारी और ज्यादा बढ़ गई है। हम अज़ादारों की खिदमत के साथ-साथ पुलिस और प्रशासन का पूरा सहयोग कर रहे हैं, ताकि कहीं भी भीड़ अनियंत्रित न हो और सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह बनी रहे। हमारा मकसद इमाम के पैगाम को जिंदा रखना और शहर में अमन-चैन बनाए रखना है। समाजवादी पार्टी की राष्ट्रीय प्रवक्ता सोमैय्या राणा ने कहा कि अलीगंज अग्निकांड से पूरा देश आहत है और यह सरकार की बड़ी नाकामी है। पिछले कई बड़े अग्निकांड से भी सरकार कोई सबक नहीं सीखती है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों एवं अमायरा फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने भाग लेकर दिवंगत बच्चों को श्रद्धासुमन अर्पित किए।

Comments