यूपी के शहरी निकायों में अब आईआईएम इंदौर की विशेषज्ञता, एमओयू साइन
- Posted By: Admin
- खबरें हटके
- Updated: 14 July, 2026 19:42
- 66

यूपी के शहरी निकायों में अब आईआईएम इंदौर की विशेषज्ञता, एमओयू साइन
शहरी विकास और नवाचार के लिए उत्तर प्रदेश सरकार और आईआईएम इंदौर के बीच हुआ करार।
प्रशिक्षण और अनुसंधान के माध्यम से शहरी सुशासन को दी जाएगी नई दिशा।
उत्तर प्रदेश। उत्तर प्रदेश सरकार के नगर विकास विभाग के अर्बन ट्रेनिंग एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट (यूटीआरआई) और भारतीय प्रबंध संस्थान (आईआईएम), इंदौर ने शहरी विकास, प्रशिक्षण और नवाचार को गति देने के लिए एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं। इस साझेदारी का मुख्य उद्देश्य राज्य के शहरी स्थानीय निकायों (ULBs) की संस्थागत क्षमता को मजबूत करना और आधुनिक प्रबंधन प्रणालियों को लागू करना है।
नगर विकास विभाग के सचिव और यूटीआरआई के निदेशक अनुज कुमार झा तथा आईआईएम इंदौर के निदेशक प्रो. हिमांशु राय की उपस्थिति में यह समझौता संपन्न हुआ। इस सहयोग के तहत वरिष्ठ अधिकारियों, नगर आयुक्तों, पार्षदों और जनप्रतिनिधियों के लिए व्यवहार-आधारित प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किए जाएंगे। इसके बाद 'ट्रेनिंग ऑफ ट्रेनर्स' (ToT) के जरिए प्रदेश भर में एक व्यापक प्रशिक्षण तंत्र विकसित किया जाएगा।
समझौते के अंतर्गत ठोस अपशिष्ट प्रबंधन (SWM), स्मार्ट सिटी कॉन्सेप्ट्स, यातायात प्रबंधन और स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) 2.0 जैसे प्रमुख विषयों पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। आईआईएम इंदौर अपनी विशेषज्ञता का उपयोग करते हुए निकायों का व्यवहार विश्लेषण (Behavioural Analysis) करेगा और प्रभावी जन-जागरूकता (IEC) रणनीतियां तैयार करने में मदद करेगा।
इस पहल से प्रदेश के विभिन्न शहरी निकायों के बीच तुलनात्मक अध्ययन भी किया जाएगा, ताकि श्रेष्ठ कार्यप्रणालियों को अन्य स्थानों पर भी लागू किया जा सके। यह साझेदारी राज्य में सतत, स्मार्ट और नागरिक-केंद्रित शहरी विकास के लक्ष्यों को प्राप्त करने में एक मील का पत्थर साबित होगी।

Comments