जनगणना-2027 की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट में की अहम बैठक

जनगणना-2027 की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट में की अहम बैठक

जनगणना-2027 की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट में की अहम बैठक

​7 मई से 21 मई तक चलेगा स्वगणना (Self Enumeration) अभियान।

110 वार्डों के पार्षदों को प्रशिक्षण देने और जनजागरूकता फैलाने के निर्देश।

लखनऊ। बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी विशाख जी की अध्यक्षता में 'जनगणना-2027' को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक संपन्न हुई। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी जनगणना कार्य को समयबद्ध और प्रभावी तरीके से पूरा करना था। जिलाधिकारी ने बताया कि जनगणना के प्रथम चरण के तहत 7 मई से 21 मई 2026 तक स्वगणना (Self Enumeration) अभियान चलाया जाएगा, जिसमें नागरिक स्वयं अपनी जानकारी पोर्टल या ऐप के माध्यम से दर्ज कर सकेंगे।

​जिलाधिकारी ने इस अभियान को सफल बनाने के लिए कड़े दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों को आदेश दिया कि उनके अधीन कार्य करने वाले समस्त अधिकारी और कर्मचारी अनिवार्य रूप से स्वगणना में भाग लें। इसके साथ ही नगर निगम के सभी 110 वार्डों के पार्षदों को चरणबद्ध तरीके से प्रशिक्षित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि वे अपने क्षेत्रों में जनता का मार्गदर्शन कर सकें। शिक्षा विभाग को भी निर्देशित किया गया है कि स्कूलों और कॉलेजों में विशेष कार्यशालाएं आयोजित कर छात्र-छात्राओं और अभिभावकों को इस प्रक्रिया के प्रति जागरूक किया जाए।

​शहर में जागरूकता फैलाने के लिए आधुनिक तकनीकों का सहारा लिया जाएगा। जिलाधिकारी के अनुसार, नगर निगम की एलईडी स्क्रीन, आईटीएमएस के पीए सिस्टम और सिनेमाघरों में फिल्म शुरू होने से पहले जागरूकता संदेश दिखाए जाएंगे। इसके अलावा सरकारी कॉलोनियों और हाउसिंग सोसायटियों में विशेष टीमें घर-घर जाकर तकनीकी सहायता उपलब्ध कराएंगी। व्यापारिक संगठनों, चिकित्सकों, अधिवक्ताओं और सामाजिक संस्थाओं (आरडब्ल्यूए) को भी इस मुहिम से जोड़ा जाएगा।

​बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अजय जैन, अपर जिलाधिकारी राकेश सिंह और जनगणना निदेशालय के अधिकारी मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने उपजिलाधिकारियों और अपर नगर आयुक्तों को प्रतिदिन प्रशिक्षण कार्यक्रमों की निगरानी और निरीक्षण करने की जिम्मेदारी सौंपी है। इस महत्वपूर्ण प्रशासनिक कार्य को पूरी पारदर्शिता और समन्वय के साथ संपन्न करने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है।

Comments

Leave A Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *