कुलसचिव के खिलाफ सांकेतिक आंदोलन के बीच कुलपति के हस्तक्षेप से कर्मचारी परिषद से सकारात्मक वार्ता
PPN NEWS
कुलसचिव के खिलाफ सांकेतिक आंदोलन के बीच कुलपति के हस्तक्षेप से कर्मचारी परिषद से सकारात्मक वार्ता
केजीएमयू कर्मचारी परिषद द्वारा कर्मचारियों की लंबित मांगों एवं सेवा संबंधी प्रकरणों के समाधान के लिए आज कुलसचिव की कार्यशैली के विरोध में सांकेतिक मार्च किया गया। इसके उपरांत ब्राउन हॉल में मीटिंग आयोजित की गई, जिसमें कर्मचारी परिषद के पदाधिकारियों एवं सदस्यों को माननीय कुलपति जी ने संबोधित किया।
इसके बाद दोपहर 1:00 बजे बोर्ड रूम में माननीय कुलपति जी की अध्यक्षता में कर्मचारी परिषद के पदाधिकारियों एवं समिति के सदस्यों के साथ कर्मचारियों की लंबित मांगों एवं सेवा संबंधी प्रकरणों पर सकारात्मक एवं विस्तृत वार्ता संपन्न हुई।
इसी वार्ता के क्रम में शासन स्तर पर लंबे समय से लंबित प्रकरणों पर आगामी पांच दिनों के भीतर सकारात्मक निर्णय प्राप्त होने तथा विश्वविद्यालय प्रशासन को उससे अवगत कराए जाने की अपेक्षा व्यक्त की गई। साथ ही, कुलसचिव स्तर पर लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण पर भी चर्चा हुई।
विशेष रूप से ओटी सहायक एवं एलटीसी से संबंधित चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की तृतीय श्रेणी में पदोन्नति के प्रकरण के शीघ्र निस्तारण हेतु कुलपति जी ने कुलसचिव को निर्देशित किया। साथ ही शासन द्वारा स्वीकृत एवं कार्य परिषद से अनुमोदित कैडर को तत्काल लागू करने तथा अन्य लंबित पदों एवं सेवा संबंधी प्रकरणों पर शीघ्र निर्णय लेने के निर्देश दिए गए।
कर्मचारी परिषद ने वार्ता के दौरान स्पष्ट किया कि संवाद से समाधान हमारी प्राथमिकता है, लेकिन समयबद्ध परिणाम हमारी मांग है। परिषद को उम्मीद है कि वार्ता में हुई सकारात्मक चर्चा एवं सहमति के अनुरूप निर्धारित समयसीमा में प्रभावी कार्रवाई होगी।
यदि आगामी पांच दिनों के भीतर लंबित मांगों पर समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई नहीं होती है, तो कर्मचारी परिषद कर्मचारियों के हित में पुनः चरणबद्ध आंदोलन शुरू करने के लिए बाध्य होगी।

Comments