प्रयागराज के 500 घरों की जलापूर्ति ठप हो गई है, बिजली विभाग की मनमानी पर नाराजगी।
- Posted By: Abbas
- उत्तर प्रदेश
- Updated: 8 November, 2020 17:01
- 1864

प्रकाश प्रभाव न्यूज़
रिपोर्टर :ज़मन अब्बास
दिनांक :08/11/2020
प्रयागराज विद्युत विभाग के अधिकारियों की मनमानी के कारण शहर में अतरसुइया क्षेत्र के करीब पांच सौ घरों में शनिवार शाम से जलापूर्ति ठप है। नलकूप का कनेक्शन काट दिए जाने से क्षेत्र के लोगों को पानी नहीं मिल रहा है। इससे प्रभावित क्षेत्र के लोगों में त्राहि-त्राहि मची है। अफसरों के रवैये से स्थानीय नागरिकों में भारी आक्रोश भी है।
अतरसुइया में दामिनी हॉस्पिटल के ठीक सामने बड़ा नलकूप लगा है। इस नलकूप से आस-पास के करीब पांच सौ घरों में जलापूर्ति होती है। कल्याणी देवी विद्युत उपकेंद्र के एसडीओ संजीव कुमार और जेई महेंद्र सिंह ने शनिवार शाम को करीब चार बजे नलकूप का कनेक्शन कटवा दिया। इससे शाम से ही हजारों लोगों को पानी नहीं मिल रहा है। स्थानीय नागरिक राजेश पांडेय का कहना है कि एसडीओ और जेई ने खड़े होकर बिजली कटवाई। लोगों ने विरोध भी किया लेकिन, वह नहीं माने। उन्होंने जलकल विभाग को जानकारी दिए बगैर कनेक्शन काट दिया। डा. अरविंदो बनर्जी के आवास के पीछे की आबादी पूरी प्रभावित है। पानी न मिलने से लोग परेशान रहे।
जलकल विभाग के अधिशासी अभियंता सौरभ श्रीवास्तव का कहना है कि नलकूपों के बिल का भुगतान सीधे शासन से होता है। विभाग सिर्फ बिल पर संस्तुति देता है। नलकूप का कनेक्शन काटने की जानकारी विद्युत विभाग के अधिकारियों की ओर से नहीं दी गई। कनेक्शन किस वजह से काटा गया, इस बारे में भी अवगत नहीं कराया गया।
एसडीओ का कहना है कि नलकूप का कनेक्शन नहीं लिया गया था। सीधे केबिल खींचकर नलकूप चलाया जा रहा था। इस वजह से बिजली काटी गई। विभाग कनेक्शन का पेपर दिखा दे तो उसे जुड़वा दिया जाएगा।
Comments