फर्जी फायरिंग की सूचना देकर पुलिस को गुमराह करने वाला युवक गिरफ्तार
फर्जी फायरिंग की सूचना देकर पुलिस को गुमराह करने वाला युवक गिरफ्तार
खुद को फंसाने की साजिश: विरोधियों पर आरोप लगाने के लिए रची झूठी कहानी
मौके पर जांच में नहीं मिले सुराग, पुलिस ने आरोपी की सफारी गाड़ी की सीज
काकोरी लखनऊ। राजधानी लखनऊ के काकोरी क्षेत्र में रविवार देर रात फायरिंग की सूचना से हड़कंप मच गया, लेकिन पुलिस की सतर्कता से मामला पूरी तरह फर्जी निकला। शिवजी, शिवा यादव निवासी कलियाखेड़ा ने कंट्रोल रूम 112 पर सूचना दी कि जब वह अपनी टाटा सफारी कार से जा रहा था, तब दो मोटरसाइकिल सवारों ने उसकी गाड़ी के आगे आकर फायरिंग कर दी और फरार हो गए। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी समदा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
घटनास्थल की बारीकी से जांच करने पर पुलिस को न तो कोई कारतूस का खोखा मिला और न ही कार पर गोली के निशान पाए गए। पास में ही टेंट लगाकर रह रहे मजदूरों ने भी किसी भी तरह की फायरिंग की आवाज सुनने से इनकार कर दिया। जांच में सामने आया कि सूचना देने वाला युवक पहले भी आपराधिक मामलों में शामिल रहा है और फिलहाल जमानत पर बाहर है। उसने अपने विरोधियों को फंसाने और सार्वजनिक शांति भंग करने के इरादे से यह साजिश रची थी।
पुलिस ने लोक शांति भंग करने के उद्देश्य से गलत सूचना देने और पुलिस को गुमराह करने के कृत्य के तहत आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई टाटा सफारी कार को भी सीज कर दिया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।


Comments