इटौंजा में कार्यकर्ताओं संग गूंजी 'मन की बात', पूर्व राज्यमंत्री वीरेन्द्र तिवारी रहे मुख्य अतिथि
- Posted By: Admin
- खबरें हटके
- Updated: 28 September, 2026 09:20
- 44

इटौंजा में कार्यकर्ताओं संग गूंजी 'मन की बात', पूर्व राज्यमंत्री वीरेन्द्र तिवारी रहे मुख्य अतिथि
स्थानीय उत्पाद, स्वच्छता और नशामुक्ति पर प्रधानमंत्री का जोर
बीकेटी विधानसभा क्षेत्र के इटौंजा में रविवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने एक साथ बैठकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'मन की बात' के 138वें एपिसोड का प्रसारण सुना। पूर्व राज्यमंत्री वीरेन्द्र कुमार तिवारी मुख्य अतिथि रहे।
इटौंजा, लखनऊ। बीकेटी विधानसभा क्षेत्र के इटौंजा मंडल में रविवार को 'मन की बात' की गूंज सुनाई दी। बूथ संख्या-86 पर इटौंजा नगर में कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने साथ बैठकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 138वें एपिसोड का सीधा प्रसारण सुना। भाजपा के पूर्व प्रदेश मंत्री और पूर्व राज्यमंत्री वीरेन्द्र कुमार तिवारी कार्यक्रम में मुख्य अतिथि रहे।
आयोजन नगर पंचायत अध्यक्ष अवधेश अवस्थी 'कमल' के आवास पर हुआ। प्रसारण में प्रधानमंत्री ने आतंकवाद के प्रति सजग रहने, स्वच्छता, सौर ऊर्जा, पर्यावरण बचाने, कुपोषण से लड़ाई, खेलकूद, नशामुक्ति, सेहतमंद जीवनशैली और महिला सशक्तिकरण जैसे कई मुद्दों पर देशवासियों से बात की। 'वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट' और 'वोकल फॉर लोकल' के जरिए उन्होंने स्थानीय उत्पादों, कारीगरों और उद्यमियों का हौसला बढ़ाने की बात कही।
कुपोषण के खिलाफ लड़ाई में आम लोगों की भागीदारी बढ़ाने के लिए मुनगा (मोरिंगा) जैसे पौष्टिक स्रोतों को अपनाने और बच्चों के सही पोषण पर ध्यान देने की अपील की गई। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और देश के निर्माण में उनकी हिस्सेदारी बढ़ाने के प्रयासों का भी जिक्र हुआ।
प्रधानमंत्री ने नौजवानों से स्वच्छता, खेल और रचनात्मक कामों से जुड़ने और नशे से दूर रहने को कहा। सौर ऊर्जा और पर्यावरण संरक्षण को अपनाने की दिशा में देश में हो रहे प्रयासों को जनभागीदारी से आगे बढ़ाने का संदेश भी दिया गया।
इस मौके पर भाजपा मंडल उपाध्यक्ष अनूप शुक्ला, सभासद सुधाकर अवस्थी, शक्ति केंद्र संयोजक आकाश मिश्रा, बूथ अध्यक्ष विष्णु तिवारी, मनोज मौर्या, संजय गौतम, पुतान रावत, नमन अवस्थी, अजीत सोनी समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
Comments