देश के 50 शहर बनेंगे विश्वस्तरीय, यूपी के सर्वाधिक 6 नगर शामिल; कानपुर को भी जोड़ने की मांग
- Posted By: Admin
- खबरें हटके
- Updated: 29 September, 2026 20:49
- 80

देश के 50 शहर बनेंगे विश्वस्तरीय, यूपी के सर्वाधिक 6 नगर शामिल; कानपुर को भी जोड़ने की मांग
प्रगति 50' के तहत यूपी के छह प्रमुख शहरों का कायाकल्प, कानपुर को भी शामिल करने की पुरजोर वकालत।
24 घंटे मैकेनाइज्ड सफाई, आधुनिक सुविधाओं और सतत विकास के जरिए शहरों को मिलेगी अंतरराष्ट्रीय पहचान।
लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्देश पर ‘प्रगति’ (प्रो एक्टिव गवर्नेंस एंड टाइमली इंप्लीमेंटेशन) पहल के 10 वर्ष और 50 एपिसोड पूरे होने के उपलक्ष्य में देश के 50 प्रमुख शहरों को वैश्विक नगरों की तर्ज पर संवारने की वृहद कार्ययोजना तैयार की गई है। इसी क्रम में मंगलवार को केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर की अध्यक्षता में सभी राज्यों के नगर विकास मंत्रियों के साथ एक उच्चस्तरीय वर्चुअल समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने प्रतिभाग किया और राज्य के विकास का खाका प्रस्तुत किया। उल्लेखनीय है कि 'प्रगति' की परिकल्पना और इसके तकनीकी तंत्र को वर्ष 2015 में प्रधानमंत्री के निर्देश पर तत्कालीन पीएमओ अधिकारी एवं वर्तमान नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा ने ही जमीन पर उतारा था, जिसके जरिए परियोजनाओं की समयबद्ध समीक्षा संभव हुई है।
समीक्षा बैठक के दौरान केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने स्पष्ट किया कि ‘प्रगति 50’ पहल के तहत चयनित 50 शहरों में सबसे ज्यादा 6 शहर उत्तर प्रदेश के शामिल किए गए हैं। इन शहरों में विश्वस्तरीय अधोसंरचना, अत्याधुनिक स्वच्छता व्यवस्था और वैज्ञानिक अपशिष्ट प्रबंधन से जुड़े प्रोजेक्ट्स को केंद्र व राज्य सरकार मिलकर तेज गति से पूरा करेंगी। बैठक में उत्तर प्रदेश के आगरा, अयोध्या, लखनऊ, मथुरा-वृंदावन, प्रयागराज और वाराणसी को इस महत्वपूर्ण सूची में जगह मिलने पर मंत्री ए.के. शर्मा ने आभार जताया। साथ ही उन्होंने प्रदेश के प्रमुख औद्योगिक और ऐतिहासिक केंद्र कानपुर को भी ‘प्रगति 50’ में सम्मिलित करने की जोरदार पैरवी की, जिससे इस औद्योगिक नगर के कायाकल्प को भी नई रफ्तार मिल सके।
मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश के शहरों को आधुनिक व सुंदर बनाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाए जा रहे हैं। चयनित शहरों में चौबीसों घंटे मशीनीकृत सफाई, वैज्ञानिक तरीके से ठोस व तरल कचरा निस्तारण, ग्रीन ट्रांसपोर्ट, सौर ऊर्जा और उच्चस्तरीय नागरिक सुविधाएं बहाल की जाएंगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि अयोध्या, काशी, मथुरा और प्रयागराज जैसे आध्यात्मिक केंद्रों के साथ लखनऊ और आगरा के वैश्विक स्तर पर विकसित होने से देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों व श्रद्धालुओं को विश्वस्तरीय अनुभव मिलेगा। यह एकीकृत मॉडल भविष्य में देश के अन्य नगरीय निकायों के लिए भी एक मानक बनकर उभरेगा।
Comments