एयरपोर्ट परिसर में मजदूरों के तीन मंजिला लेबर कैंप में लगी भीषण आग

एयरपोर्ट परिसर में मजदूरों के तीन मंजिला लेबर कैंप में लगी भीषण आग

PPN NEWS

  • एलपीजी सिलेंडर फटने से मचा हड़कंप; दो घायल


सरोजनीनगर, लखनऊ (PPN NEWS)। चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट परिसर में मंगलवार सुबह मजदूरों के लिए बनाए गए तीन मंजिला लेबर कैम्प में अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। पीवीसी युक्त बने कमरों में आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में करीब दर्जन भर कमरे आग की लपटों से घिर गये। आनन फानन घटना की सूचना एयरपोर्ट प्रशासन, पुलिस और फायर कंट्रोल रूम को दी गई। सूचना के बाद पहुंची 6 दमकल गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। लखनऊ एयरपोर्ट परिसर में टाटा प्रोजेक्ट लिमिटेड की ओर से कान्ट्रेक्टर श्रीपति सिविल इंफ्रा वर्क्स द्वारा एक फाइव स्टार होटल का निर्माण किया जा रहा है।

जिसमें करीब 4000 मजदूर काम करते बताये जा रहे हैं।इन मजदूरों के लिए एयरपोर्ट टर्मिनल बिल्डिंग से करीब 500 मीटर दूर पीवीसी युक्त अस्थाई कैंप बनाए गए हैं।इन्हीं में से पीवीसी युक्त तीन मंजिला बिल्डिंग में करीब 33 कमरों में 400 मजदूर रहते हैं।बताते हैं कि मंगलवार सुबह करीब 6:30 बजे इसी तीन मंजिला बिल्डिंग के नीचे एक कमरे में अचानक आग लग गई। उस दौरान ज्यादातर मजदूर अपने कमरों में सो रहे थे। जिस कमरे में आग लगी, इसमें 12 मजदूर थे। आग लगने की जानकारी होते ही सारे कमरों के मजदूर बाहर भाग खड़े हुए। कुछ ही देर में आग ने कई अन्य कमरों को भी अपनी चपेट में ले लिया और वह धू-धू कर जलने लगे। आग की लपटें और धुआं काफी तेजी से फैल रहा था।

इसी बीच कमरों से थोड़ी-थोड़ी देर में तीन तेज धमाके हुए। जिससे आसपास के लोग दहशत में आ गए। बाद में पता चला कि कमरों के अंदर खाना बनाने के लिए रखे एलपीजी सिलेंडर फटे हैं। वहीं तेज धुआँ और आग की लपटें उठती देख आनन फानन घटना की सूचना एयरपोर्ट प्रशासन के साथ ही पुलिस और फायर कंट्रोल रूम को दी गई। सूचना के बाद सरोजनीनगर फायर स्टेशन के एफएसओ सुमित प्रताप सिंह के नेतृत्व में दमकल की पांच गाड़ियां लगाई गई। साथ ही एयरपोर्ट की एक दमकल गाड़ी को मंगाया गया। तब करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।

उधर इस घटना में आग की चपेट में आकर बिहार के सहरसा निवासी मजदूर निर्मल (30) झुलस गया। जबकि प्रतापगढ़ के सालीपुर निवासी मजदूर राहुल कुमार (26) दूसरी मंजिल से कूदने से चोटिल हो गए। दोनों को कृष्णा नगर स्थित एक प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। वहीं इस घटना में करीब दर्जन भर कमरों में आग लगने से उनके अंदर रख मजदूरों के कपड़े और खाने-पीने का सामान सहित रुपए व अन्य सामान जलकर राख हो गया।सरोजनीनगर एफएसओ सुमित प्रताप सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि ग्राउंड फ्लोर के एक कमरे में लेबर खाना बना रहे थे। तभी सिलेंडर से आग लग गई। इसके बाद आग अन्य कमरों में फैल गई।फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Comments

Leave A Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *