टीजीटी में चयन के साथ हिंदी सेवा को मिला सम्मान, निगोहां के मुकेश मिश्र बने ‘सारस्वत शिखर सम्मान’ के हकदार
- Posted By: Admin
- खबरें हटके
- Updated: 24 September, 2026 19:38
- 28

टीजीटी में चयन के साथ हिंदी सेवा को मिला सम्मान, निगोहां के मुकेश मिश्र बने ‘सारस्वत शिखर सम्मान’ के हकदार
बीते गुरुवार प्रयागराज में हुआ भव्य सम्मान समारोह, अंगवस्त्र व प्रमाण-पत्र देकर हुए सम्मानित
हिंदी व्याकरण के मर्मज्ञ आचार्य पृथ्वीनाथ पांडेय की मौजूदगी में मिली यह उपलब्धि
लखनऊ। मोहनलालगंज ब्लॉक के निगोहां गांव के मुकेश मिश्र के लिए यह हफ्ता खास सौगात लेकर आया। एक तरफ प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक यानी टीजीटी पद पर उनका चयन हुआ, तो दूसरी तरफ हिंदी भाषा में लगातार किए जा रहे उनके काम को भी पहचान मिली। बीते गुरुवार प्रयागराज में हिंदी संसार ऑनलाइन संस्थान की तरफ से आयोजित समारोह में उन्हें ‘सारस्वत शिखर सम्मान’ से नवाजा गया।
समारोह में मुख्य मेहमान के तौर पर मौजूद रहे जाने-माने हिंदी व्याकरणविद आचार्य पं. पृथ्वीनाथ पांडेय। उन्हीं की मौजूदगी में संस्थान के निदेशक डॉ. अशोक स्वामी ने मुकेश मिश्र को अंगवस्त्र, स्मृति चिन्ह और प्रमाण-पत्र भेंट किया। यह पल आते ही हॉल तालियों से गूंज उठा, वहां मौजूद बाकी शिक्षकों और अभ्यर्थियों ने भी खुलकर बधाई दी।
इस मौके पर देशभर से टीजीटी, पीजीटी और डीएसएसएसबी जैसी परीक्षाओं में चयनित सैकड़ों शिक्षक और अभ्यर्थी मौजूद रहे। आचार्य पांडेय ने इस दौरान हिंदी व्याकरण की बारीकियों और शुद्ध लेखन को लेकर अपनी बात रखी, साथ ही भाषा के प्रति जिम्मेदारी की भी याद दिलाई।
संस्थान के निदेशक डॉ. अशोक स्वामी ने बताया कि अब तक हजारों अभ्यर्थी उनके यहां से प्रशिक्षण लेकर टीजीटी, पीजीटी, डीएसएसएसबी और असिस्टेंट प्रोफेसर जैसे पदों तक पहुंच चुके हैं, इनमें बिहार, उत्तर प्रदेश और दिल्ली के कई अभ्यर्थियों ने तो टॉप रैंक तक हासिल की है। उन्होंने कहा कि संस्थान का मकसद सिर्फ परीक्षा पास कराना ही नहीं, बल्कि शुद्ध हिंदी लेखन को बढ़ावा देना भी है, इसी वजह से अच्छा काम करने वालों को सम्मानित किया जाता रहेगा।
कार्यक्रम में आकाशवाणी की सहायक निदेशक नेहा गुप्ता, दूरदर्शन प्रयागराज के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. लोकेश शुक्ल, सीएमपी कॉलेज की प्रो. सरोज सिंह, समीक्षक श्रीप्रकाश मिश्र और प्रवक्ता मनोज स्वामी सहित कई जाने-माने लोग शामिल हुए।
जैसे ही यह खबर निगोहां पहुंची, गांव में खुशी की लहर दौड़ गई। शिक्षकों, साहित्यकारों और ग्रामीणों ने मुकेश मिश्र को बधाई देते हुए इसे पूरे इलाके के लिए गर्व की बात बताया। लोगों का कहना है कि गांव से निकलकर इस मुकाम तक पहुंचना युवाओं के लिए मिसाल है।
Comments