कॉकरोच जनता पार्टी ने दी एक नई चेतावनी

कॉकरोच जनता पार्टी ने दी एक नई चेतावनी

New Delhi... 


कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने दिल्ली पुलिस को एक नई चेतावनी देते हुए कहा है कि वह जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन के लिए अगले 24 घंटे के भीतर कोई तारीख तय करे, अन्यथा CJP  खुद एक नए विरोध प्रदर्शन का ऐलान कर देगी।  


24 घंटे की हिरासत से रिहा होने के बाद CJP के प्रमुख नेताओं ने आक्रामक रुख अपनाते हुए सोमवार को संसद मार्ग पुलिस स्टेशन जाने का फैसला किया है।


सीजेपी नेता आशुतोष रांका ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर पोस्ट कर जानकारी दी कि वे, सौरभ दास और अन्य सीजेपी नेता सोमवार को सुबह 10 बजे संसद मार्ग थाने पहुंचेंगे और जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन करने के लिए अनुमति और तारीख की मांग करेंगे। 


संगठन ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि यदि दिल्ली पुलिस अगले 24 घंटों में जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के लिए कोई तारीख नहीं देती है, तो पार्टी खुद अपने स्तर पर नए विरोध प्रदर्शन का आह्वान करेगी।


CJP मुख्य रूप से मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और मतदाता सूची के विशेष तीव्र संशोधन (SIR) को रोकने की मांग को लेकर मुखर है। संगठन का कहना है कि वे अपने लोकतांत्रिक और संवैधानिक अधिकारों के तहत विरोध प्रदर्शन जारी रखेंगे।


बताते चलें कि पिछले दिनों प्रदर्शन और सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर दिल्ली पुलिस द्वारा अनुमति न दिए जाने और भारी पुलिस बल की तैनाती के बाद कई नेताओं व प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया था, जिसके बाद से राजनीतिक सरगर्मी काफी बढ़ गई है।

Comments

Leave A Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *