शादी का वादा कर महिला से किया दुष्कर्म बेटी पर भी थी बुरी नजर
- Posted By: Admin
- खबरें हटके
- Updated: 12 October, 2026 20:48
- 103

शादी का वादा कर महिला से किया दुष्कर्म बेटी पर भी थी बुरी नजर
शादी का झाँसा देकर महिला का शोषण और नाबालिग बेटी से छेड़छाड़ का आरोप
ठिकाने बदलता रहा आरोपी, सर्विलांस से मिली लोकेशन तो राजस्थान में धरा गया
काकोरी लखनऊ। शादी का झाँसा देकर महिला का शारीरिक शोषण करने और उसकी नाबालिग बेटी के साथ छेड़छाड़ के आरोपी को काकोरी पुलिस ने राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ओमप्रकाश सिरवी पुलिस से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था। सोमवार को उसे लखनऊ लाकर थाने में दाखिल किया गया और अब कोर्ट में पेश किया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक 17 अगस्त को एक महिला ने थाना काकोरी में तहरीर दी थी। आरोप था कि बंथरा के दादूपुर रोड स्थित ग्रीन सिटी निवासी ओमप्रकाश पुत्र बाबूलाल ने शादी का वादा करके उसका शारीरिक शोषण किया। महिला का यह भी आरोप था कि आरोपी ने उसकी नाबालिग बेटी के साथ भी छेड़छाड़ की। तहरीर पर शादी का झाँसा देकर यौन संबंध बनाने, महिला की लज्जा भंग करने के इरादे से बल प्रयोग और पॉक्सो एक्ट के तहत बच्चों पर लैंगिक हमले की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
मुकदमा दर्ज होते ही पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई और उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी, लेकिन वह हर बार जगह बदल लेता था। इसी बीच सर्विलांस सेल से जानकारी मिली कि आरोपी राजस्थान के जोधपुर जिले के बिलाड़ा थाना क्षेत्र में है। अफसरों की अनुमति लेकर काकोरी थाने से पुलिस टीम राजस्थान रवाना की गई। वहाँ पता चला कि आरोपी का स्थायी पता बिलाड़ा के भावी गाँव में आदर्श चौक है। स्थानीय पुलिस के साथ टीम ने भावी बस स्टैंड के पास दबिश दी और बीते शुक्रवार रात करीब नौ बजे ओमप्रकाश को पकड़ लिया।
पुलिस ने गिरफ्तारी के समय आरोपी को बताया कि वह इस मुकदमे में वांछित है और पॉक्सो कोर्ट लखनऊ से उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी हो चुका है। उसे गिरफ्तारी की वजह और कानूनी अधिकार भी बताए गए। बीते शनिवार शाम करीब पाँच बजे बालेसर, राजस्थान की अदालत से दो दिन का ट्रांजिट रिमांड मिला। इसके बाद पुलिस उसे लेकर लखनऊ पहुँची।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक शैलेन्द्र कुमार गुप्ता, हेड कांस्टेबल अजय यादव और हेड कांस्टेबल अरविन्द कुमार सोनकर शामिल रहे।
Comments