पारा में हार्डवेयर कारोबारी पर लोहे की बसुली से ताबड़तोड़ वार, 24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार
- Posted By: Admin
- खबरें हटके
- Updated: 28 September, 2026 18:41
- 82

पारा में हार्डवेयर कारोबारी पर लोहे की बसुली से ताबड़तोड़ वार, 24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार
सबूत मिटाने को झाड़ियों में फेंके डीवीआर और राउटर, निशानदेही पर बरामद
पत्नी को गंदे इशारे करने से भड़का था आरोपी, हार्डवेयर कारोबारी पर बसुली से किया था जानलेवा हमला, 24 घंटे में गिरफ्तार
पारा लखनऊ। पारा थाना क्षेत्र के गांव भरोसा में बीते शनिवार की शाम 'प्रकाश हार्डवेयर एंड इलेक्ट्रिकल्स' के मालिक रामप्रकाश पर दुकान में घुसकर लोहे की बसुली से जानलेवा हमला हुआ था। पुलिस ने सोमवार को इस मामले में जितेंद्र रावत उर्फ बऊआ को गिरफ्तार कर लिया। वह भरोसा गांव का ही रहने वाला है और उसकी उम्र करीब 27 साल है।
हमले में रामप्रकाश गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हालत में बेहोश हो गए थे। उन्हें एम्बुलेंस से पहले लोकबंधु अस्पताल और फिर केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। कंचन कुरील की तहरीर पर पारा थाने में मुकदमा दर्ज हुआ था, जिसमें जानलेवा हमले समेत अन्य गंभीर धाराएं लगाई गईं। पुलिस ने घायल के बयान लिए, फॉरेंसिक टीम के साथ साक्ष्य जुटाए और तकनीकी जांच की। इसमें सामने आया कि हमले में जितेंद्र ही शामिल था। वारदात के बाद उसने सबूत मिटाने और पुलिस से बचने के लिए दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर और वाई-फाई राउटर उखाड़कर झाड़ियों में छिपा दिया था। इसी आधार पर मुकदमे में साक्ष्य मिटाने की धारा भी बढ़ाई गई।
पूछताछ में जितेंद्र ने जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि रामप्रकाश की दुकान उसकी झोपड़ी के बगल में ही है। उसका आरोप है कि रामप्रकाश की नीयत उसकी पत्नी को लेकर ठीक नहीं थी और वह अक्सर गंदे इशारे करता था। पहले भी मना करने और जान से मारने की धमकी देने के बावजूद वह नहीं माना। शनिवार शाम पत्नी ने फिर वही बात बताई तो गुस्से में आकर वह दुकान पहुंचा। रामप्रकाश को अकेला पाकर उसने बिना मुठिया वाली लोहे की बसुली से पीछे से सिर पर ताबड़तोड़ वार किए। वह लहूलुहान होकर गिरा तो चेहरे और मुंह पर भी कई वार किए। शांत हो जाने पर मृत समझकर बसुली वहीं फेंक दी। बाहर निकलते वक्त कैमरा दिखा तो पुलिस और सजा से बचने के लिए डीवीआर और राउटर के तार तोड़कर उखाड़ लिए और डिघिया रोड पर झाड़ियों में फेंक दिए।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर खून से सनी लोहे की बसुली, घटनास्थल से करीब 150 मीटर दूर डिघिया रोड की झाड़ियों से सीपी प्लस कंपनी का डीवीआर और सिरोटेक कंपनी का वाई-फाई राउटर बरामद किया। आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक सुरेश सिंह, उपनिरीक्षक सुबे चंद्र यादव, उपनिरीक्षक अजय कुमार पटेल, हेड कांस्टेबल मो. नफीस और कांस्टेबल लवलेश कुमार शामिल रहे।
Comments