जनसुनवाई में मंत्री एके शर्मा ने सुनीं फरियादें, बोले- शिकायतों का निस्तारण कागजों में नहीं, मौके पर दिखे
- Posted By: Admin
- खबरें हटके
- Updated: 28 September, 2026 19:21
- 78

जनसुनवाई में मंत्री एके शर्मा ने सुनीं फरियादें, बोले- शिकायतों का निस्तारण कागजों में नहीं, मौके पर दिखे
बिजली कनेक्शन, बिल सुधार, पेयजल और सीवर की शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई के निर्देश
गोमती नगर विस्तार की समस्या पर मंत्री ने नगर आयुक्त को फोन कर दिए निस्तारण के आदेश
लखनऊ। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने सोमवार को अपने आवास पर जनसुनवाई कर प्रदेश के अलग-अलग इलाकों से आए लोगों की परेशानियां सुनीं। बिजली कनेक्शन, बिल में सुधार, पेयजल, सीवर, जलभराव और नगर विकास से जुड़ी कई शिकायतें फरियादियों ने मंत्री के सामने रखीं। मंत्री ने संबंधित अफसरों को तुरंत संज्ञान लेकर समय पर और बेहतर ढंग से निस्तारण करने के निर्देश दिए।
बिजली विभाग से जुड़ी शिकायतों में नए कनेक्शन और बिल सुधार के मामले ज्यादा रहे। मंत्री ने कहा कि उपभोक्ताओं की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता से हो और किसी को बेवजह विभागीय दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें। पेयजल, सीवर और जलभराव की समस्याओं पर भी उन्होंने फौरन कार्रवाई करने को कहा। साथ ही साफ निर्देश दिए कि जनसुविधाओं के मामलों में लापरवाही न हो और शिकायतों के निस्तारण की कड़ी निगरानी की जाए।
गोमती नगर विस्तार की रहने वाली अंजू वार्ष्णेय ने अपने इलाके में सफाई और अतिक्रमण की समस्या मंत्री को बताई। मंत्री ने तुरंत नगर आयुक्त गौरव कुमार को फोन कर समस्या दूर करने को कहा। उन्होंने इलाके में सफाई व्यवस्था सुधारने और अतिक्रमण की शिकायत पर नियमानुसार कार्रवाई कराने के निर्देश दिए।
मंत्री ने अफसरों से कहा कि जनसुनवाई की शिकायतों का निस्तारण सिर्फ कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि मौके पर असरदार कार्रवाई दिखे। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का जल्द समाधान सरकार की प्राथमिकता है और अफसर संवेदनशीलता के साथ शिकायतें निपटाएं।
Comments