पूर्व राज्य मंत्री वीरेन्द्र तिवारी ने यशोदा देवी को अर्पित की श्रद्धांजलि
- Posted By: Admin
- खबरें हटके
- Updated: 14 October, 2026 20:23
- 70

पूर्व राज्य मंत्री वीरेन्द्र तिवारी ने यशोदा देवी को अर्पित की श्रद्धांजलि, शोक संतप्त परिवार को बंधाया ढांढस
बस्ती। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री एवं बस्ती के पूर्व सांसद हरीश द्विवेदी की पूज्य माता श्रीमती यशोदा देवी के निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। उनके निधन पर श्रद्धांजलि देने वालों का तांता लगा हुआ है। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व राज्य मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता वीरेन्द्र कुमार तिवारी सोमवार को बस्ती जिले के तेलियाजोत गांव स्थित द्विवेदी परिवार के पैतृक आवास पहुंचे।
पूर्व राज्य मंत्री वीरेन्द्र तिवारी ने वहां पहुंचकर सबसे पहले दिवंगत यशोदा देवी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इसके बाद उन्होंने शोकाकुल परिवार, विशेष रूप से भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी और उनके परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की।
उन्होंने कहा कि पूज्य माता जी का जाना परिवार के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। एक माँ अपने परिवार को संस्कार और मूल्यों से सींचती है, और यशोदा देवी ने अपने जीवन में जिन उच्च आदर्शों और सादगी का पालन किया, वह आज भी हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है।
वीरेन्द्र कुमार तिवारी ने दिवंगत आत्मा की चिर शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की और शोक संतप्त परिजनों को इस कठिन समय में धैर्य और साहस बनाए रखने की कामना की। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में पूरा भाजपा परिवार और क्षेत्र की जनता द्विवेदी परिवार के साथ खड़ी है।
गौरतलब है कि श्रीमती यशोदा देवी एक सरल, सौम्य और धार्मिक प्रवृत्ति की महिला थीं। उन्होंने अपना पूरा जीवन परिवार और समाज के कल्याण के लिए समर्पित कर दिया था। उनके द्वारा दिए गए संस्कारों का ही परिणाम है कि हरीश द्विवेदी जैसे कुशल संगठनकर्ता और जननेता के रूप में समाज को नेतृत्व मिला।
पिछले कुछ दिनों से तेलियाजोत गांव में लगातार राजनीतिक, सामाजिक और विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों का आना-जाना लगा हुआ है। सभी लोग दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि देकर परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।
इस अवसर पर स्थानीय भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और क्षेत्र के गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।
Comments