संपूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों ने दर्ज कराई शिकायतें

संपूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों ने दर्ज कराई शिकायतें

संपूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों ने दर्ज कराई शिकायतें, एसडीएम ने दिए समयबद्ध निस्तारण के निर्देश

रिपोर्ट, प्रशांत सिंह 

मोहनलालगंज, लखनऊ। मोहनलालगंज तहसील सभागार में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। अध्यक्षता उप जिलाधिकारी आकाश सिंह ने की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त सभी प्रार्थना पत्रों का निस्तारण निष्पक्षता एवं समयावधि के भीतर किया जाए और जरूरत पड़ने पर मौके पर जाकर शिकायतों का सत्यापन किया जाए।

समाधान दिवस में क्षेत्र से पहुंचे फरियादियों ने विभिन्न समस्याओं को लेकर शिकायतें दर्ज कराईं। अनूपखेड़ा सिठौली निवासी कलावती ने प्रार्थना पत्र देकर अपने राशन कार्ड को पुत्रों के राशन कार्ड से अलग किए जाने की मांग की, ताकि परिवार में किसी प्रकार का विवाद न हो।

वहीं ज्योतिनगर, मोहनलालगंज निवासी विमलेश शर्मा पत्नी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि 28 अगस्त की रात अज्ञात चोर उनके घर से लाखों रुपये के जेवरात और नकदी चोरी कर ले गए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना के बाद से पुलिस लगातार कार्रवाई का आश्वासन दे रही है, लेकिन अभी तक ठोस कार्रवाई नहीं हुई। पुलिस से शिकायत करने पर धमकाए जाने का भी आरोप लगाया। शिकायत सुनाते समय विमलेश शर्मा भावुक हो गईं। उन्होंने एसडीएम से जल्द कार्रवाई की मांग की।

उमेदा खेड़ा निवासी सुन्दरा पत्नी स्व. रमेश ने बताया कि पति की मृत्यु के बाद परिवार का पूरा भार उनके ऊपर है। उनकी भूमि के गाटा संख्या 710 का कुछ अंश सड़क निर्माण में चला गया है। उन्होंने अधिग्रहित भूमि का मुआवजा दिलाए जाने की मांग की, ताकि वह अपनी पुत्री का विवाह कर सकें। इसी मामले में हीरालाल धनवारा ने भी मुआवजा दिलाए जाने की गुहार लगाई।

मौरा निवासी राम सजीवन कुश ने शिकायत की कि उनकी भूमि गाटा संख्या 597 पर गांव के कुछ दबंगों द्वारा कूड़ा डाला जा रहा है और जानवर बांधे जा रहे हैं। विरोध करने पर विवाद करने पर आमादा रहते हैं। उन्होंने भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की।

वहीं खुजौली के प्रशासक राज कुमार रावत ने बताया कि गांव में वर्षों से आयोजित होने वाली दो दिवसीय रामलीला के प्रांगण में बाउंड्रीवाल और शौचालय का निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि ग्रामीणों ने उक्त भूमि पर अतिक्रमण कर रखा है, जिसे हटवाए जाने की आवश्यकता है।

एसडीएम आकाश सिंह ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण, निष्पक्ष और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। इस दौरान एसीपी आरके सिंह, नायब तहसीलदार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Comments

Leave A Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *