नाले में कूदी महिला की सांसें अटकीं, तभी देवदूत बनकर पहुंचा गांव का युवक
- Posted By: Admin
- खबरें हटके
- Updated: 16 October, 2026 19:04
- 130

नाले में कूदी महिला की सांसें अटकीं, तभी देवदूत बनकर पहुंचा गांव का युवक
टिकैतगंज में नाले में कूदी महिला को युवक ने खींच निकाला
मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस से भिजवाया अस्पताल
काकोरी लखनऊ। टिकैतगंज में हरदोई रोड पर बेता नाला पुल के पास शुक्रवार को दोपहर करीब तीन बजे उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक महिला अचानक नाले में कूद गई। देखते ही देखते वहां भीड़ जमा हो गई, पर किसी को कुछ सूझता, उससे पहले ही गांव के 25 वर्षीय दीपू रावत बिना एक पल गंवाए नाले में कूद पड़े और महिला को सकुशल बाहर निकाल लाए। लोगों का कहना है कि अगर थोड़ी भी देर हो जाती तो अनहोनी हो सकती थी।
बताया जा रहा है कि महिला रहीमाबाद थाना क्षेत्र के भतुईया गांव की रहने वाली 45 वर्षीय अंजुम बानो हैं। लोगों के मुताबिक उनकी मानसिक हालत ठीक नहीं थी और वह किसी तरह चलते-चलते टिकैतगंज आ पहुंची थीं। यहां पहुंचने के कुछ ही देर बाद उन्होंने नाले में छलांग लगा दी। महिला को बाहर निकालने के बाद दीपू ने उनके परिजनों तक खबर पहुंचाने का इंतजाम भी किया।
सूचना मिलते ही काकोरी पुलिस मौके पर पहुंच गई। उपनिरीक्षक सुरजीत कुशवाहा पुलिस बल के साथ पहुंचे और एंबुलेंस बुलाकर महिला को इलाज के लिए सीएचसी काकोरी भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत सामान्य बताई। पुलिस ने परिजनों को सूचना दी तो महिला के देवर मोहम्मद शकील मौके पर पहुंचे और उन्हें अपने साथ घर ले गए।
काकोरी इंस्पेक्टर सतीश चंद्र राठौर के मुताबिक महिला और उनके परिजनों ने किसी भी तरह की कानूनी कार्रवाई कराने से साफ मना कर दिया है। घटना के बाद इलाके में शांति बनी हुई है और कानून-व्यवस्था से जुड़ी कोई दिक्कत नहीं है। स्थानीय लोग दीपू की हिम्मत और पुलिस की फुर्ती की जमकर तारीफ कर रहे हैं।
Comments