जब मैं प्राइम टाइम में न्यूज़ देखता हूँ, तो मुझे लगता है कि खबर अब खबर नहीं रह गई है।
- Posted By: Admin
- साहित्य/लेख
- Updated: 21 November, 2026 16:36
- 67

जब खबर, खबर नहीं रह जाती
आजकल जब मैं प्राइम टाइम में न्यूज़ देखता हूँ, तो मुझे लगता है कि खबर अब खबर नहीं रह गई है।
मेनस्ट्रीम मीडिया के चर्चित चेहरे, जो बड़े-बड़े एंकर हैं, अपने प्राइम न्यूज़ के समय जिस तरीके से स्टोरी करते हैं, उससे ऐसा लगता है कि उनका काम जनता की समस्या दिखाना नहीं, बल्कि सरकार का बचाव करना रह गया है।
भारत में आज सबसे बड़ी समस्याओं में से एक समस्या प्रदूषण है। दिल्ली में सांस लेना मुश्किल हो रहा है, बच्चे खांस रहे हैं, बुजुर्ग परेशान हैं। लेकिन प्राइम टाइम में प्रदूषण की समस्या पर बात करने के बजाय, उसके फायदे गिनाए जा रहे हैं।
पिछले कुछ दिन पहले एक बहुत बड़े राष्ट्रीय चैनल की एक महिला पत्रकार जिस तरीके से प्रदूषण के बारे में व्याख्यान कर रही थीं, उसे देखकर लगा कि उन्हें भूगोल की ही समझ कितनी है। प्रदूषण जैसी गंभीर समस्या पर भी अगर इस तरह से बात की जाएगी, तो आम आदमी को सही जानकारी कैसे मिलेगी?
प्रदूषण कोई छोटी बात नहीं है। ये हमारी सांसों से जुड़ा है, हमारे बच्चों के भविष्य से जुड़ा है। इस पर तो सवाल पूछा जाना चाहिए कि प्रदूषण क्यों बढ़ रहा है, इसे रोकने के लिए क्या किया जा रहा है। लेकिन जब एंकर ही इसके फायदे गिनाने लगें, तो जनता किससे उम्मीद करे?
मेरा मानना है कि मीडिया का काम सरकार का बचाव करना नहीं है। मीडिया का काम जनता की आवाज बनना है। जब जनता परेशान है, तो उसकी परेशानी को दिखाना ही मीडिया का धर्म है।
आज अधिक से अधिक लोगों को जो समस्याएं हैं, जैसे प्रदूषण, महंगाई, बेरोजगारी, उन पर खुलकर बात होनी चाहिए। अगर मीडिया ही इन समस्याओं को छोटा करके दिखाएगा, तो ये समस्याएं कभी खत्म नहीं होंगी।
मुझे लगता है कि एंकर को पहले भूगोल, विज्ञान और जनता की जमीनी हकीकत को समझना चाहिए। स्टूडियो में बैठकर बड़ी-बड़ी बातें करना आसान है, लेकिन सड़क पर उतरकर लोगों की तकलीफ देखना ही असली पत्रकारिता है।
खबर का मतलब ही यही है कि जो सच है, वो दिखाया जाए। अगर सच को छिपाकर सरकार का बचाव किया जाएगा, तो लोग धीरे-धीरे न्यूज़ देखना ही बंद कर देंगे।
Comments