ससुराल से लौट रहे अधेड़ ने मौके पर तोड़ा दम, दो घायल
- Posted By: Admin
- खबरें हटके
- Updated: 20 October, 2026 23:28
- 64

रिंग रोड ब्रिज पर खड़े डंपर से जा भिड़ी बाइक, ससुराल से लौट रहे अधेड़ ने मौके पर तोड़ा दम, दो घायल
ससुराल से घर लौटते वक्त रिंग रोड ब्रिज पर हुआ दर्दनाक हादसा, रिश्तेदार महिला और 13 साल की बच्ची गंभीर हालत में केजीएमयू रेफर
ब्रेकडाउन होकर खड़े डंपर में पीछे से जा घुसी मोटरसाइकिल, परिजनों में कोहराम।
काकोरी लखनऊ। काकोरी क्षेत्र में मोहिद्दीनपुर रिंग रोड ब्रिज पर मंगलवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पुल पर खराब होकर खड़े डंपर में पीछे से मोटरसाइकिल जा टकराई। इस हादसे में बाइक चला रहे अधेड़ की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार महिला और एक बच्ची घायल हो गईं।
बताया जा रहा है कि रात करीब पौने आठ बजे पुलिस को पुल पर हादसे की सूचना मिली। सूचना मिलते ही काकोरी पुलिस मौके पर पहुंची। जांच में सामने आया कि दुबग्गा के मुन्नालाल खेड़ा निवासी करीब 50 वर्षीय श्यामलाल अपनी रिश्तेदार सुषमा राजपूत (38) और 13 साल की मुस्कान राजपूत को बाइक पर बैठाकर काकोरी के मुजफ्फरनगर में अपनी ससुराल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान रिंग रोड ब्रिज पर ब्रेकडाउन की वजह से खड़े डंपर में उनकी बाइक पीछे से जोरदार टक्कर के साथ जा घुसी।
टक्कर इतनी तेज थी कि श्यामलाल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सुषमा और मुस्कान को आनन-फानन में दुर्गागंज के किंग हॉस्पिटल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत को देखते हुए दोनों को केजीएमयू रेफर कर दिया गया। फिलहाल दोनों का इलाज चल रहा है।
हादसे की खबर मिलते ही मृतक और घायलों के परिजन मौके पर पहुंच गए, जहां रोने-बिलखने का मंजर देखकर हर किसी की आंखें नम हो गईं। पुलिस ने मृतक के शव का पंचायतनामा भरने की कार्रवाई की है। इसके अलावा अन्य जरूरी कानूनी कार्रवाई भी की जा रही है।
Comments